Bypolls Election Results 2024: पहले अयोध्या और अब बद्रीनाथ में हारी बीजेपी, उत्तराखंड में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने किया क्लीन स्वीप

शुभम गुप्ता

• 03:33 PM • 13 Jul 2024

उत्तराखंड की बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है. यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस के लखपत बुटोला 5224 मतों से विजयी रहे. उन्होंने बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को हराकर ये जीत अपने नाम की है.

NewsTak
Google CTA

Uttarakhand Bypolls Election Results 2024: 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई. 13 जुलाई यानी आज सभी सीटों के मतदान धीरे-धीरे सामने आ रहे है. इस बीच नतीजों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि उत्तराखंड की बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है. यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस के लखपत बुटोला 5224 मतों से विजयी रहे. उन्होंने बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को हराकर ये जीत अपने नाम की है.

Read more!

उत्तराखंड की दो सीटों(मंगलौर-बद्रीनाथ) पर हुए उपचुनाव में दोनों सीटों पर कांग्रेस ने विजय हासिल की है. कांग्रेस ने मंगलौर सीट से काजी निजामुद्दीन को अपना प्रत्याशी घोषित किया था. उन्होंने कांटे के मुकाबले में बीजेपी को पछाड़ा. काजी ने 422 वोटों से बीजेपी के उम्मीदवार करतार सिंह भडाना को हराया है.

बद्रीनाथ सीट से हारने के बीजेपी पर INDIA-कांग्रेस का तंज 

उत्तराखंड की दोनों सीटों पर आए नतीजों को लेकर विपक्ष बीजेपी पर जमकर तंज कसता नजर आ रहा है. शिवसेना उद्धव गुट की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा- जय बाबा बद्रीनाथ, नॉन बाइलॉजिकल पार्टी यहां भी हारी.” उनका इशारा अयोध्या की ओर है. बीजेपी को इस साल हुए लोकसभा चुनाव में अयोध्या (फैजाबाद) सीट पर हार मिली थी.

बद्रीनाथ विधानसभा सीट का नतीजा सामने आती ही कांग्रेस नेता आलोक शर्मा ने भी एक्स पर बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा कि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद आए विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने बता दिया कि भगवान बीजेपी से रुष्ट हो गए हैं.

अयोध्या हार चुकी भाजपा इस उपचुनाव में बद्रीनाथ सीट भी हार गई है और बद्रीनारायण  भगवान का आशीर्वाद कांग्रेस को मिला.

हार के क्या हैं मायने?

अयोध्या (फैजाबाद) लोकसभा सीट के बाद बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर बीजेपी का हारना काफी बड़ी हार के तौर पर देखा जा रहा है.वहीं कांग्रेस को इस सीट पर मिली जीत उनके लिए संजीवनी से कम नहीं है.  2027 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं उससे पहले कांग्रेस के दोनों सीटों पर जीत दर्ज करना बीजेपी के लिए झटके के तौर पर माना जा रहा है. हालांकि ये उपचुनाव थे देखना होगा कि आने वाले चुनाव में कौन बाजी मारता है.