कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों से पहले अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने छह राज्यों के प्रभारी महासचिव बदल दिए हैं. राजस्थान के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट को अब पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, पंजाब का प्रभार संभाल रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम भेजा गया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं. नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं.
ADVERTISEMENT
सचिन पायलट अब पंजाब के प्रभारी
सचिन पायलट इससे पहले छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब उन्हें पंजाब का प्रभारी महासचिव बनाया गया है. पायलट के सामने सबसे अहम चुनौती पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म करना होगी.
पंजाब में पार्टी लंबे समय से अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है. प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खेमे के बीच मतभेद कई बार सामने आ चुके हैं. नेताओं के बीच बयानबाजी भी होती रही है. ऐसे समय में पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी देना कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करना चुनौती
पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं. ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व के सामने पार्टी को एकजुट करने की चुनौती है. पायलट के पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं के साथ अच्छे संबंध बताए जाते हैं. उनके कांग्रेस से अलग होकर बीजेपी में जा चुके पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ भी अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं. पार्टी को उम्मीद है कि पायलट अपने राजनीतिक संपर्कों और संगठनात्मक अनुभव का इस्तेमाल पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने में कर सकेंगे.
भूपेश बघेल को पंजाब से हटाकर असम भेजा
कांग्रेस ने भूपेश बघेल का पंजाब का प्रभार खत्म कर दिया है. अब उन्हें असम का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है.बघेल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पार्टी संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. पंजाब के बाद अब उन्हें असम में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है.
छह राज्यों में नए प्रभारी महासचिव
पंजाब: सचिन पायलट
असम: भूपेश बघेल
गुजरात: रणदीप सिंह सुरजेवाला
छत्तीसगढ़: सुखदेव भगत
महाराष्ट्र: डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद
आंध्र प्रदेश: पी. वी. मोहन
सचिन पायलट की जगह सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का प्रभार
सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ से हटने के बाद अब सुखदेव भगत को राज्य का प्रभारी महासचिव बनाया गया है. वहीं महाराष्ट्र में डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद और आंध्र प्रदेश में पी. वी. मोहन को जिम्मेदारी मिली है.
गुजरात में भी बड़ा बदलाव
गुजरात में भी कांग्रेस ने नेतृत्व की जिम्मेदारी बदली है. राजस्थान से राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक को गुजरात प्रभारी महासचिव के पद से हटा दिया गया है. हालांकि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे. उनकी जगह राजस्थान से राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी महासचिव बनाया गया है. सुरजेवाला के पास कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी बनी रहेगी.
तीन महासचिव पद से हटाए गए
कांग्रेस ने संगठन में बदलाव के दौरान तीन नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटा दिया है. इनमें जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर शामिल हैं. पार्टी ने निवर्तमान महासचिव प्रभारियों के योगदान की सराहना भी की है. जितेंद्र सिंह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य भी हैं.
ADVERTISEMENT


