कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. ताजा अपडेट के अनुसार सोनिया गांधी अपनी रूटीन जांच के बाद वापस घर पहुंच गई हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सोनिया गांधी अब ठीक हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट चुकी हैं. शुरुआत में मिली जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी को एक माइनर सर्जरी के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया था.
ADVERTISEMENT
हालांकि अस्पताल की ओर से सर्जरी की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह एक पूर्व निर्धारित चिकित्सा प्रक्रिया थी. इससे पहले मार्च 2026 में भी उन्हें फेफड़ों में तकलीफ के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
केरल में सरकार गठन पर टिकी हैं निगाहें
सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार के साथ ही अब केरल में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है. केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ की शानदार जीत के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन चल रहा है. इस अहम फैसले में सोनिया गांधी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि आलाकमान के रूप में अंतिम निर्णय उन्हें ही लेना है.
सीएम पद के लिए तीन दिग्गजों में मुकाबला
केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए इस समय तीन बड़े नाम चर्चा में हैं. इनमें केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन शामिल हैं. सूत्रों की मानें तो ज्यादातर विधायक केसी वेणुगोपाल के पक्ष में हैं लेकिन अन्य दो नेताओं की सहमति भी जरूरी है. वहीं राहुल गांधी के सामने यह दुविधा है कि वह वेणुगोपाल को केरल का मुख्यमंत्री बनाएं या उन्हें संगठन महासचिव के रूप में दिल्ली में ही अपने साथ रखें.
पार्टी की गुटबाजी पर आलाकमान सख्त
केरल में नई सरकार के गठन को लेकर पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और तिरुवनंतपुरम के बीच बैठकों का दौर जारी है. उम्मीद की जा रही थी कि अगले 24 से 48 घंटों में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो जाएगा. हालांकि, मुख्यमंत्री पद के चुनाव के बीच केरल में नेताओं के पक्ष में पोस्टरबाजी और प्रदर्शन की खबरें भी सामने आई थीं. कांग्रेस आलाकमान ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी नेताओं को अपने समर्थकों पर लगाम लगाने की नसीहत दी थी.
ADVERTISEMENT


