संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बीच तमिलनाडु की पार्टी DMK ने विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है. पार्टी प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी की मांगों को नए विधेयक में शामिल किया गया है. ऐसे में DMK मौजूदा स्वरूप में इस विधेयक का समर्थन करेगी.
ADVERTISEMENT
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पार्टी का रुख साफ किया. उन्होंने बताया कि अप्रैल में DMK ने परिसीमन का विरोध करते हुए दो प्रमुख मांगें रखी थीं. अब इन दोनों मांगों को विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है. इसी के बाद पार्टी ने समर्थन का फैसला किया है.
DMK ने इसे 2024 के संघर्ष की जीत बताया
एम.के. स्टालिन ने परिसीमन विधेयक को DMK के 2024 के संघर्ष की जीत बताया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तमिलनाडु की नहीं, बल्कि सभी दक्षिण भारतीय राज्यों की जीत है. स्टालिन ने कहा कि इस मुद्दे पर भावनाओं में बहने के बजाय शांति से विचार करने की जरूरत है. यह भी सोचना चाहिए कि अगर मौजूदा विधेयक हाथ से निकल जाता है तो इसके क्या नतीजे हो सकते हैं.
उन्होंने बताया कि विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रावधान है. पार्टी ने सभी पहलुओं पर विचार किया. इसके बाद DMK सांसदों की बैठक में विधेयक के मौजूदा स्वरूप का समर्थन करने का फैसला लिया गया. स्टालिन ने इस फैसले को व्यावहारिक बताते हुए कहा कि यह तमिलनाडु के हित में है.
NCP (SP) ने INDIA गठबंधन की बैठक से बनाई दूरी
दूसरी ओर, परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन में भी हलचल है. NCP (SP) के भी विधेयक का समर्थन करने की चर्चा है. इसी मुद्दे पर शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक बुलाई गई थी. हालांकि, NCP (SP) इस बैठक में शामिल नहीं हुई. पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को शरद पवार के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा था कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के दूसरे नेता बैठक में शामिल होंगे. लेकिन सूत्रों के मुताबिक, NCP (SP) का कोई नेता इस बैठक में शामिल नहीं हुआ. ऐसे में परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है.
ADVERTISEMENT


