हरियाणा में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता त्रस्त है. हालात ये हैं कि प्रदेश के कई हिस्सों में पेट्रोल की कीमतें इतिहास में पहली बार ₹100 प्रति लीटर के पार चली गई हैं. सिरसा में पेट्रोल ₹100.81 प्रति लीटर तक पहुंच गया है, वहीं डीजल भी ₹90 से ₹91.50 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है. तेल के दामों में हो रही इस बढ़ोतरी का सीधा असर फल-सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरी चीजों पर पड़ा है, जिससे चौतरफा महंगाई बढ़ गई है. इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी ने पूरे हरियाणा में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
ADVERTISEMENT
गुड़गांव में जमकर हुआ प्रदर्शन, फूंका पुतला
इसी कड़ी में गुरुग्राम (गुड़गांव) में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर की अगुवाई में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने जनता की जेब पर डाका डालना शुरू कर दिया है और पिछले एक हफ्ते में ही तीन बार तेल के दाम बढ़ा दिए गए हैं.
नीट पेपर लीक पर सरकार को घेरा, इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सिर्फ महंगाई ही नहीं, बल्कि नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. पंकज डावर ने कहा कि इस पेपर लीक से 20 से 25 लाख बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है, जो सरकार की नाकामी को साफ दर्शाता है. कांग्रेस ने डीसी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है.
ADVERTISEMENT


