महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का प्रचार तेज हो गया है, और इसी बीच उद्धव ठाकरे गुट के सांसद अरविंद सावंत के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है. सावंत ने शिंदे गुट की उम्मीदवार शाइना एनसी के चुनाव लड़ने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि "हमारे यहां इम्पोर्टेड माल नहीं चलता है." इस टिप्पणी पर शाइना एनसी ने कड़ा जवाब दिया, कहा, "महिला हूं, माल नहीं."
ADVERTISEMENT
शाइना एनसी का मुकाबला
शिंदे गुट ने शाइना एनसी को मुंबई की मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार बनाया है, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के सिटिंग विधायक अमीन पटेल से होगा. पेशे से फैशन डिजाइनर और मुंबई के ग्लैमर वर्ल्ड की चर्चित शख्सियत शाइना एनसी ने टिकट मिलने के बाद बीजेपी छोड़ दी है, जहां वे अब तक प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थीं.
सावंत का बयान: 'यहां इम्पोर्टेड माल नहीं चलेगा'
शाइना के शिंदे गुट से टिकट मिलने पर सावंत ने टिप्पणी करते हुए कहा, "जिंदगीभर बीजेपी में रहीं, लेकिन टिकट मिला शिंदे सेना से. यहां इम्पोर्टेड माल नहीं चलता है. हमारे यहां सिर्फ ऑरिजनल उम्मीदवार ही चलता है और अमीन पटेल ही ऑरिजनल हैं."
शाइना का पलटवार
सावंत के इस बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए शाइना एनसी ने कहा, "एक महिला का सम्मान नहीं कर सकते? मैं एक प्रोफेशनल महिला हूं और राजनीति में अपने दम पर आई हूं. 2014 और 2019 में आपके लिए हमने काम किया. आज आप हमें ‘माल’ कह रहे हैं, इसलिए आपका हाल बेहाल हो रहा है. जनता इनको बेहाल करेगी."
बीजेपी की प्रतिक्रिया
बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने भी सावंत के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, “ये बयान पीड़ादायक है, शर्मनाक है, इसकी भर्त्सना करते हैं. किसी राजनीतिक महिला के लिए इस तरह की टिप्पणी दुखद है.”
शाइना को वर्ली से टिकट की थी उम्मीद
पहले चर्चा थी कि बीजेपी वर्ली से शाइना एनसी को उम्मीदवार बनाएगी, लेकिन यह सीट एकनाथ शिंदे खेमे के खाते में आई, और वहां से मिलिंद देवड़ा को उम्मीदवार घोषित किया गया. अब शिवसेना ने शाइना को मुंबादेवी सीट से मैदान में उतारा है, जहां चुनावी मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT


