SC-ST की आबादी के हिसाब से नहीं बढ़ेंगी सीटें? खड़गे ने परिसीमन बिल पर सरकार को घेरा

• 01:51 PM • 28 Nov 2026

संसद के विशेष सत्र से पहले INDIA गठबंधन के नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर परिसीमन बिल को लेकर बैठक की. खड़गे ने सरकार पर पार्टियों को तोड़ने और सत्ता में बने रहने की कोशिश का आरोप लगाया. उन्होंने SC-ST आरक्षण पर चिंता जताई. वहीं, DMK ने विधेयक का समर्थन किया.

NewsTak
Google CTA

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की. इसमें प्रस्तावित परिसीमन बिल पर चर्चा हुई. बैठक में कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए, लेकिन NCP (SP) ने इससे दूरी बनाए रखी.

Read more!

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने परिसीमन को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया. खड़गे का कहना है कि सरकार इस विधेयक के जरिए सत्ता अपने हाथ में रखने की कोशिश कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में जरूरी नंबर जुटाने के लिए राजनीतिक पार्टियों को तोड़ रही है.

खड़गे ने परिसीमन बिल को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि परिसीमन विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है. उनके मुताबिक, प्रस्ताव में SC-ST समुदायों के साथ नाइंसाफी की गई है. उन्होंने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम बताया.

खड़गे ने कहा कि SC-ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या संबंधित राज्य की कुल सीटों और वहां इन समुदायों की आबादी के अनुपात के आधार पर तय होती है. ऐसे में अगर किसी राज्य में SC-ST की आबादी बढ़ती है, तो उनके लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए.

हालांकि, खड़गे का आरोप है कि प्रस्तावित परिसीमन बिल में इसका कोई प्रावधान नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि जनसंख्या के अनुपात के हिसाब से आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था होनी चाहिए.

'नंबर के लिए पार्टियों को तोड़ रही सरकार'

कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता में बने रहना चाहती है. इसके लिए विपक्षी दलों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. खड़गे ने कहा कि यह सत्ता को अपने हाथ में लेने का प्रयास है. उन्होंने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए विपक्षी दलों की चिंताओं को सामने रखा.

बैठक में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद

INDIA गठबंधन की इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हुईं. इनके अलावा कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश भी मौजूद रहे. बैठक में टीएमसी की ओर से अभिषेक बनर्जी, आरजेडी के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, CPI के पी. संतोष कुमार, IUML के ई.टी. मोहम्मद बशीर और RSP के एन.के. प्रेमचंद्रन ने हिस्सा लिया. निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल भी बैठक में शामिल हुए.

RJD, TMC, IUML और RSP समेत कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधि इस चर्चा का हिस्सा बने. वहीं, NCP (SP) बैठक में शामिल नहीं हुई.

NCP (SP) ने बनाई बैठक से दूरी

इस बैठक के लिए आम आदमी पार्टी, BJD और DMK को भी आमंत्रित किया गया था. वहीं, NCP (शरद पवार) की गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही. सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को शरद पवार की तबीयत का हवाला देते हुए कहा था कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के दूसरे नेता बैठक में शामिल होंगे. इसके बावजूद सूत्रों के मुताबिक, NCP (SP) का कोई नेता इस बैठक में शामिल नहीं हुआ.

DMK ने परिसीमन बिल के समर्थन का किया ऐलान

एक तरफ INDIA गठबंधन के नेता परिसीमन बिल पर चर्चा कर रहे थे, वहीं DMK ने इस विधेयक को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन करेगी. उनका कहना है कि प्रस्ताव में निष्पक्ष परिसीमन की मांगों को शामिल किया गया है.