'बेरोजगारों को सालाना मिलेंगे ₹18 हजार' , ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए जारी की '10 प्रतिज्ञा'

TMC manifesto 10 promises: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए ममता बनर्जी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है. ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता ने ‘10 प्रतिज्ञा’ के जरिए जनता से वादे किए हैं, जिसमें विकास, कल्याणकारी योजनाएं और राज्य के भविष्य का रोडमैप शामिल है. जानिए क्या हैं ये 10 बड़े वादे.

TMC manifesto 10 promises
TMC manifesto 10 promises

तपस सेनगुप्ता

follow google news

पश्चिम बंगाल में चुनाव के ऐलान के बाद से राज्य का सियासी पारा हाई है. इसी सियासी सरगर्मी के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इस घोषणा पत्र में ममता बनर्जी ने लगभग हर वर्ग को साधते हुए 10 प्रतिज्ञा का ऐलान किया है और साथ ही जनता का समर्थन मांगा है. आइए विस्तार से जानते है पूरी बात.

Read more!

ममता की '10 प्रतिज्ञा' 

ममता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X(पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'मैं बंगाल के लिए अपनी 10 ‘प्रतिज्ञाएं’ विनम्रतापूर्वक प्रस्तुत करती हूं, ताकि मेरी सरकार के चौथे कार्यकाल में भी विकास का पहिया निरंतर आगे बढ़ता रहे.'

1. लक्ष्मी भंडार योजना में 500 रुपए की बढ़ोतरी: सामान्य वर्ग की महिलाओं को अब 1000 की जगह 1500(सालाना 18,000) रुपए मिलेंगे. वहीं SC/ST वर्ग की महिलाओं को 1200 की जगह 1700(सालाना 20,400) रुपए दिए जाएंगे.

2. युवाओं को आर्थिक सहायता: बंगाल के बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपए प्रति महीने(सालाना 18000) की आर्थिक मदद.

3. 30 करोड़ का कृषि बजट: किसान हित में 30,000 करोड़ का कृषि बजट बनाने का वादा ताकि किसान परिवारों को निरंतर सहायता सुनिश्चित की जा सके और भूमिहीन किसानों को सहारा दिया जा सके.

4. सबका पक्का घर: बंगाल के हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो.

5. हर घर नल: बंगाल के हर घर में नल हो और उन तक साफ पानी पहुंचे.

6. स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी: सरकार हर ब्लॉक और टाउन में हेल्थ कैंप लगाएगी ताकि लोगों को अपने घर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें.

7. शिक्षा व्यवस्था में सुधार: 'बांग्लार शिक्षायतन' योजना के तहत सभी सरकारी स्कूलों आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा गुणवता को बढ़ाना.

8. बंगाल को ट्रेड हब बनाना: बंगाल को पूर्वी भारत के ट्रेड गेटवे के रूप में स्थापित करने की तैयारी है. इसके लिए राज्य में विश्व-स्तरीय बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स हब और एक अत्याधुनिक 'ग्लोबल ट्रेड सेंटर' विकसित किया जाएगा, जो व्यापारिक ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

9. वृद्धा पेंशन योजना की सुनिश्चिता: मौजूदा सभी लाभार्थियों को बिना किसी रुकावट के 'वृद्धा पेंशन' मिलती रहे, और धीरे-धीरे इस सुरक्षा कवच का विस्तार करके इसे सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज के हर बुजुर्ग को ससम्मान और आत्मनिर्भर जीवन का अधिकार मिल सके.

10. जिलों का विस्तार: 7 नए जिले बनाए जाएंगे और शहरी स्थानीय निकायों(Urban Local Bodies) की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.

ममता ने बीजेपी पर साधा निशाना

ममता ने मैनिफेस्टो जारी करते वक्त बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने निशाना साधते हुए कहा है कि, हमने पहले भी कई साजिशें देखी है लेकिन इस बार बीजेपी ने सारी हदें पार कर दी. ये लोग रेलवे और सभी सरकारी कंपनियों को कुछ ऐसे लोगों के हाथ में सौंप रहे है जिन्होंने देश को लूटा और भाग गए. ममता ने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए उन्हें बीजेपी का तोता करार दिया.

बंगाल में चुनाव का शेड्यूल

पश्चिम बंगाल में इस बार दो फेज में चुनाव होने वाले है. पहला फेज के लिए वोटिंग 23 अप्रैल को होगी, वहीं दूसरे के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. 4 मई को वोटों की गिनती के बाद परिणाम सामने आएंगे. आपको बता दें कि 294 सीटों वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है.

    follow google news