पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, गुरुवार को TMC के 3 सीनियर नेताओं ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है. इन 3 नेताओं के इस कदम से बंगाल की सियासी जमीन पर अचानक हलचल काफी तेज हो गई है. ममता बनर्जी की पार्टी को अलविदा कहकर बीजेपी की सदस्यता लेने वाले इन तीन बड़े चेहरों में सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक के नाम शामिल हैं. ये तीनों नेता TMC के प्रमुख स्तंभ माने जाते थे. भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर और पश्चिम बंगाल के राज्य बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने खुद इन तीनों बड़े नेताओं के बीजेपी में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा की है.
ADVERTISEMENT
BJP का पारंपरिक पट्टा पहनाकर पार्टी में किया शामिल
बीजेपी बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इन तीनों नेताओं ने आज ही अधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी में शामिल होने से पहले इन तीनों नेताओं ने राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया था. इस मौके पर बीजेपी नेता शमिक भट्टाचार्य ने सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक को भारतीय जनता पार्टी का पारंपरिक पट्टा पहनाकर दल में शामिल किया. नेताओं का स्वागत करते हुए शमिक ने कहा कि राज्य में पहले 34 साल तक लेफ्ट फ्रंट का शासन रहा और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस आई. बंगाल में इतने लंबे समय तक चली इस राजनीति ने हमारे देश के फेडरल स्ट्रक्चर को हमेशा चुनौती दी और उसे मानने से इनकार कर दिया.
''केंद्र से टकराव के कारण रुक गया बंगाल का पूरा विकास''
शमिक भट्टाचार्य ने टीएमसी की नीति पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने और सहयोग करने के बजाय, यहां हमेशा टकराव का रास्ता चुना गया. इसी आपसी टकराव की वजह से पश्चिम बंगाल का सारा विकास पूरी तरह से रुक गया. इसी पूरे बैकग्राउंड को देखते हुए और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में अपना पूरा भरोसा जताते हुए इन तीन सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस से अपना इस्तीफा देने का फैसला किया. आज सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बड़ाइक और सुखेंदु शेखर रॉय बीजेपी के साथ हैं. ये तीनों ऐसे दिग्गज सांसद हैं जिनका राज्यसभा में प्रदर्शन हर किसी को अच्छे से पता है.
प्रदेश अध्यक्ष और शुभेंदु अधिकारी ने जताई इस फैसले पर खुशी
पार्टी में नए सदस्यों का स्वागत करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह हमारे पूरे संगठन के लिए बहुत ही खुशी का अवसर है. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से और इसके स्टेट प्रेसिडेंट के तौर पर मैं खुद, हमारे कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, हमारी पूरी कैबिनेट और हमारा पूरा ऑर्गेनाइजेशन मिलकर इन तीनों ही वरिष्ठ नेताओं का दिल की गहराइयों से और बहुत खुशी के साथ स्वागत करता है.
सुखेंदु शेखर बोले, ममता बनर्जी की पार्टी अब पूरी तरह खत्म
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद टीएमसी के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने भी अपनी पहली प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बंगाल के हालातों पर बोलते हुए कहा कि शायद ही किसी भारतीय राज्य में कभी 96 या 97 परसेंट वोटिंग हुई हो, जैसा कि हमारे प्रेसिडेंट ने इस चुनाव के बारे में पहले ही बताया है. उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा कि ममता बनर्जी अब पूरी तरह खत्म हो चुकी हैं और उनकी पार्टी भी अब खत्म हो चुकी है. इसलिए इस विषय पर अब और ज्यादा चर्चा करना ही बेकार है.
बंगाल का विरोध देखकर राज्य छोड़कर भाग गईं तीन पीढ़ियां
सुखेंदु शेखर रॉय ने विकास के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि दूसरे राज्यों में आमतौर पर सत्ताधारी और विपक्षी पार्टियां मिलकर विकास, तरक्की या किसी खास एजेंडे को जमीन पर लागू करने के लिए केंद्र सरकार के पास जाती हैं. लेकिन पश्चिम बंगाल में हमने हमेशा बंद, हड़ताल और जुलूस निकालकर सिर्फ केंद्र का विरोध करने पर अपना पूरा ध्यान लगाया. इस टकराव की राजनीति ने बंगाल की तीन पीढ़ियों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया. जिन लोगों के पास आगे बढ़ने के मौके थे, वे इस राज्य को छोड़कर बाहर भाग गए.
ADVERTISEMENT


