TMC Candidate List 2026: चार राज्याें और एक केद्रशासित प्रदेश में चुनावों के ऐलान के बाद से माहौल गर्म है. इसी के तहत पश्चिम बंगाल में दो फेज में विधानसभा चुनाव होने हैं. अब इसी गहमा गहमी के बीच मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस ने अपने 291 सीटों के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी नाम शामिल है. वे भवानीपुर से चुनाव लड़ रही है. टीएमसी ने इस बार अपने कई पुराने नेताओं पर फिर से भरोसा जताया है और उन्हें दोबारा टिकट दिया है. इसके साथ ही लिस्ट में कुछ नए चेहरों को मौका मिला है.
ADVERTISEMENT
आपको बता दें बंगाल में दो फेज में चुनाव होने हैं. इसके तहत पहले फेज में 23 अप्रैल को 152 सीटों और दूसरे फेज यानी 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग होगी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी चुनाव के लिए अपनी रणनीति साफ कर दी है. टीएमसी कुल 294 सीटों में से 291 पर चुनाव लड़ेगी जबकि दार्जिलिंग की 3 सीटें सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के लिए छोड़ी गई हैं. ममता बनर्जी खुद भवानीपुर सीट से मैदान में उतरेंगी. उन्होंने कहा कि 2026 के चुनाव में उनकी पार्टी 226 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल करेगी.
चुनाव आयोग और बीजेपी पर सीधा हमला
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है. अधिकारियों के तबादले, खासकर डीजीपी और एसपी स्तर पर किए गए बदलावों को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई. ममता ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे पर्दे के पीछे से खेल खेलने के बजाय सीधे चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला करें. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर अधिकारियों को धमका रही है.
बंगाल की अस्मिता और दंगों की साजिश का आरोप
मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर बंगाल की संस्कृति और अस्मिता को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ईद से ठीक पहले अधिकारियों का तबादला करना एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है. ममता ने आशंका जताई कि बाहरी लोगों और हरियाणा से लाए गए लोगों के जरिए राज्य में दंगे भड़काने की कोशिश की जा सकती है. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बंगाल के अस्तित्व को बचाने की है और जनता बीजेपी को करारा जवाब देगी.
53 महिलाएं और 48 अल्पसंख्यक कैंडिडेट्स को टिकट
टीएमसी की नई लिस्ट में समाज के हर वर्ग को साधने की कोशिश की गई है. ममता बनर्जी ने बताया कि इस बार 53 महिलाओं को टिकट दिया गया है. इसके अलावा 95 उम्मीदवार एससी और एसटी समुदाय से हैं जबकि 48 अल्पसंख्यक उम्मीदवारों को मौका दिया गया है. पार्टी ने फिल्मी सितारों, खिलाड़ियों और अनुभवी नेताओं का एक मिश्रण तैयार किया है ताकि हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूती से लड़ा जा सके.
लिस्ट में ये बड़े नाम शामिल
उम्मीदवारों की लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं. एथलीट स्वप्ना बरमन और पूर्व आईपीएस प्रसून बनर्जी को टिकट मिला है. मनोरंजन जगत से सोहम चक्रवर्ती, सायंतिका, अदिति मुंशी, राज चक्रवर्ती और लवली मैत्रा जैसे सितारों को मैदान में उतारा गया है. वहीं जेल में बंद पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक, मदन मित्रा और शशि पांजा जैसे अनुभवी चेहरों पर भी पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है. देवांशु भट्टाचार्य और कुणाल घोष जैसे युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है.
ADVERTISEMENT


