उत्तर प्रदेश की सियासत का असर सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दिल्ली की सत्ता का रास्ता भी यहीं से होकर गुजरता है. 80 लोकसभा सीटों वाले यूपी को देश की सियासत का सबसे बड़ा चुनावी रण माना जाता है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के लिए यही रण मुश्किल साबित हुआ था. पार्टी 400 पार के दावे के बावजूद यूपी में बड़ा नुकसान झेल गई, जबकि सपा-कांग्रेस के इंडिया गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43 सीटों पर कब्जा जमाया.
ADVERTISEMENT
अब सवाल है कि अभी यूपी में सियासी हवा किस तरफ बह रही है? अगर आज लोकसभा चुनाव हो जाएं तो क्या सीएम योगी आदित्यनाथ का प्रभाव बीजेपी को फिर बढ़त दिलाएगा या अखिलेश यादव का PDA फॉर्मूला एक बार फिर विपक्ष को मजबूत करेगा? इंडिया टुडे और C वोटर के अगस्त 2026 के 'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे ने इस सवाल का जवाब देने की कोशिश की है. आइए जानते हैं क्या कहते है सर्वे के आंकड़ें.
भाजपा की क्या है स्थिति?
MOTN के ताजा सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो बीजेपी को 80 में से 34 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं. आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा 33 सीटें जीती थीं. यानी इस सर्वे के मुताबिक उन्हें आज 1 सीटें ज्यादा मिल रही हैं. वहीं अगर पिछले MOTN सर्वे की तुलना करें तो जनवरी 2026 में भाजपा को 44 सीटें मिलने का अनुमान जताया था. इस हिसाब से आज भाजपा को 10 सीटों का नुकसान हो रहा है.
भाजपा के सहयोगी पार्टियों को कितनी सीटें?
MOTN के इस सर्वे में भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर भी जानकारी सामने आई है. सर्वे के मुताबिक, बीजेपी के सहयोगी पार्टियों को 4 सीटें मिल सकती है. बता दें कि, 2024 के लोकसभा में भाजपा के सहयोगी अपना दल(सोनेलाल) को 1 सीट जबकि राष्ट्रीय लोक दल को 2 सीटें मिली थी. वहीं पिछले सर्वे(जनवरी 2026) में भी सहयोगी दलों को 4 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था. यानी कुल मिलाकर MOTN के सर्वे में NDA को 80 में से 38 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है.
कांग्रेस को कितनी सीटें?
इस सर्वे के आंकड़े को देख कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ जाएगी. MOTN के ताजा सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो यूपी में कांग्रेस 80 में 11 सीटें जीत सकती है. 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 6 सीटें मिली थी. यानी अब कांग्रेस को 5 सीटों का इजाफा होते हुए दिखाई दे रहा है. अगर जनवरी 2026 के MOTN सर्वे की बात करें तो तब कांग्रेस को 2 सीटें मिलती दिखाई दे रही थी, जो अब बढ़कर 11 हो गई है. कुल मिलाकर, कांग्रेस को 9 सीटों का फायदा होते हुए दिखाई दे रहा है.
इंडिया गठबंधन का क्या है हाल?
MOTN के ताजा सर्वे के मुताबिक, इंडिया गठबंधन में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी(सपा) को 30 सीटें मिल सकती है. 2024 के चुनाव में सपा को 37 सीटें मिली थी. यानी सपा की 3 सीटें बढ़ने का अनुमान है. वहीं अगर जनवरी 2026 के MOTN सर्वे की बात करें तो सपा को उस वक्त 29 सीटें मिलने की बात कही गई थी, जिसमें की अब 1 सीट का इजाफा होते दिखाई दे रहा है. यानी कुल मिलाकर, MOTN के ताजा सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक इंडिया गठबंधन को 80 में से 41 सीटें मिल सकती है.
कैसे किया गया है सर्वे?
MOTN के इस सर्वे को करने के लिए देश के सभी राज्यों और लोकसभा क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से 25 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग आयु वर्ग, जाति, धर्म और लिंग के 25,184 वयस्कों से उनकी राय ली गई.
सर्वे में पिछले 24 हफ्तों के दौरान 91,795 लोगों से जुटाई गई राय का भी एनालिसिस किया गया. इस तरह कुल 1,16,644 लोगों की राय के आधार पर देश में जनता के मौजूदा मूड को समझने की कोशिश की गई है. सर्वे के आंकड़ों में मोटे तौर पर 3 फीसदी और विस्तृत स्तर पर 5 फीसदी तक का मार्जिन ऑफ एरर हो सकता है.
(डिस्क्लेमर: ये आंकड़े सर्वे के आधार पर सामने आए अनुमान हैं. इन्हें चुनाव का अंतिम परिणाम नहीं माना जाना चाहिए. असल चुनाव परिणाम सर्वे के आंकड़ों से अलग हो सकते हैं.)
ADVERTISEMENT


