Rahul Gandhi news: क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को मिली हार के बाद से ही सोशल मीडिया पर पनौती शब्द ट्रेंड कर रहा है. मैच को गुजरे आज तीसरा दिन है, लेकिन X (पहले ट्विटर) पर ये शब्द टॉप ट्रेंड में अभी भी दिख रहा है. असल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजस्थान की एक रैली में जबसे ‘पनौती मोदी’ कहा है, इसे लेकर और बवाल बढ़ गया है. मामले ने इतना तूल पकड़ा है कि सुप्रीम कोर्ट के एक वकील और खुद को समाजिक कार्यकर्या बताने वाले विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस से ही शिकायत कर दी है.
ADVERTISEMENT
SC वकील विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सीपी को लिखे लेटर में कहा है कि राहुल गांधी की टिप्पणी बेहद अपमानजनक है. उन्होंने आरोप लगाए हैं कि ये टिप्पणियां अशोभनीय होने के साथ-साथ अपमानजनक और उकसावे वाली भी हैं. उन्होंने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया जाए.
क्या कहा था राहुल गांधी ने?
राहुल गांधी के बयान की सोशल मीडिया पर जबर्दस्त चर्चा है. पहले उन्होंने जालौन की एक सभा में पीएम मोदी को परोक्ष तौर पर पनौती कहा. इसका वीडियो यहां नीचे देखा जा सकता है.
इसके बाद जब बाड़मेर की सभा में पहुंचे तो पीएम मोदी को सीधे-सीधे पनौती मोदी कह आए.
कांग्रेस कह रही है कि राहुल गांधी ने वही कहा, जो वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया की हार के बाद देश के लोग सोच रहे थे. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘राहुल जी ने वही कहा, जो बहुत सारे लोग दो दिन से सोच रहे थे! विश्व कप फाइनल 140 करोड़ भारतीय नागरिकों के लिए गर्व का क्षण था और हम सभी इस ऐतिहासिक अवसर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वह अपने राजनीतिक लाभ के लिए इसे हथियाने के लिए बेताब थे.’
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राहुल गांधी की टिप्पणी को शर्मनाक और अपमानजनक कहते हुए उनसे माफी मांगने को कहा है. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, ‘उन्होंने अपना असली रंग दिखा दिया है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि उनकी मां सोनिया गांधी द्वारा गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहे जाने के बाद कांग्रेस गुजरात में कैसे डूब गई थी.’
ADVERTISEMENT


