Parliament Monsoon Session 2026: लोकसभा में पेपर लीक से जुड़े लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक पर प्रस्तावित चर्चा विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण शुरू नहीं हो सकी. दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में पहुंच गए और छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर चर्चा कराने की मांग करने लगे.
हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से शांत होकर सदन चलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चर्चा चाहता है तो सदन की कार्यवाही बाधित नहीं होनी चाहिए. लगातार नारेबाजी जारी रहने पर स्पीकर ने सरकार और विपक्ष दोनों से आपसी सहमति बनाने की अपील करते हुए कहा कि वे शाम 5 बजे तक समाधान निकालने का प्रयास करें, ताकि उसके बाद महत्वपूर्ण विधेयक सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा शुरू कराई जा सके.
इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही तीसरी बार स्थगित करते हुए शाम 5 बजे तक के लिए टाल दी गई. इससे पहले सदन को सुबह 11 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक स्थगित किया जा चुका था. उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष के विरोध के चलते दिन में दो बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.
गौरतलब है कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक पर रोक लगाने से जुड़े लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक, 2026 को सदन के पटल पर पेश किया था. हालांकि, हंगामे के कारण इस पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी. जा सके.
संसद की कार्यवाही और दिनभर की हर बड़ी अपडेट के लिए इस लाइव ब्लॉग के साथ बने रहें.
- 02:17 PM • 27 Jul 2026
लोकसभा की कार्यवाही फिर स्थगित, स्पीकर बोले- 5 बजे तक सहमति बनाएं, उसके बाद होगी चर्चा
Parliament Session LIVE: लोकसभा में लगातार जारी गतिरोध के बीच सदन की कार्यवाही तीसरी बार स्थगित कर दी गई. हंगामे के बीच स्पीकर ने कार्यवाही शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की. इस दौरान उन्होंने सरकार और विपक्ष से आपसी सहमति बनाने की अपील करते हुए कहा कि दोनों पक्ष 5 बजे तक समाधान निकालने का प्रयास करें, ताकि उसके बाद सदन में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा शुरू कराई जा सके.
- 12:52 PM • 27 Jul 2026
गौरव गोगोई ने छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई पर अमित शाह से मांगा जवाब
Parliament Session LIVE: संसद के मॉनसून सत्र के दौरान कांग्रेस ने छात्र प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर लोकसभा मेंसस्पेंशन ऑफ बिजनेस मोशन का नोटिस दिया है. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों पर हुए हमले और पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे आज भी छात्रों के मन में डर का माहौल बना हुआ है.
गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस पूरे मामले पर सदन में जवाब दें. उन्होंने यह भी दावा किया कि घायल छात्रों से मिलने की भी अनुमति नहीं दी जा रही है, जबकि कई छात्र अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही तय करने और पूरे घटनाक्रम पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है. - 12:47 PM • 27 Jul 2026
राज्यसभा में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर हंगामा, सदन दोपहर 2 बजे तक स्थगित
Parliament Session LIVE: राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया. कांग्रेस की तरफ से डिप्टी लीडर प्रमोद तिवारी ने इस मामले में केंद्र सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही तय करने की मांग की. विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
- 11:34 AM • 27 Jul 2026
संसद के बाहर धर्मेंद्र प्रधान का हुआ स्वागत, NDA सांसदों ने पहनाया पाग
Parliament Session LIVE: शनिवार को देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद जब वे आज यानी सोमवार को सदन पहुंचे तो वहां गजब का माहौल देखने को मिला. मकरद्वार पर NDA सांसदों ने उनका काफी गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मान के तौर पर पाग भी पहनाया. फिर सभी सांसद उन्हें सम्मान के साथ सदन के अंदर ले गए.
- 11:23 AM • 27 Jul 2026
लोकसभा में हंगामे के बीच सदन 12 बजे तक के लिए स्थगित
Lok Sabha Live: सदन में जारी हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. अब सदन की बैठक दोपहर 12 बजे फिर शुरू होगी.
ADVERTISEMENT


