Pawan Kalyan Divorce: चाहे फिल्म के पर्दे पर विलेन के छक्के छुड़ाना हो या राजनीति में विरोधियों पर जीत हासिल करनी हो, पवन कल्याण ने हर मोर्चे पर जबरदस्त सफलता हासिल की है. पवन कल्याण ने जिंदगी से जो मांगा, जो चाहा, उन्हें सब मिला फिर भी आज पवन कल्याण अपनी जिंदगी के सबसे बड़े व्यक्तिगत तूफान से गुजर रहे हैं. शादियों और रिश्ते टूटने का ऐसा सिलसिला चल रहा है, जो खत्म होने का नाम नहीं ले रहा 13 साल का साथ और एक झटके में शादी खत्म.
ADVERTISEMENT
13 साल बाद पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा अलग
पवन कल्याण और उनकी रूसी पत्नी अन्ना लेझनेवा ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि वे अलग हो रहे हैं, पवन कल्याण और अन्ना ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि 13 साल के सफर के बाद वे आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग हो रहे हैं. शादी टूटने के बावजूद वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे. हालांकि, उन्होंने अलग होने की सटीक वजह का खुलासा नहीं किया है.
अन्ना ने देश और संस्कृति छोड़ी, अब सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
पवन कल्याण की जिंदगी में पत्नी या पत्नियों से अलगाव कोई नई बात नहीं है. नया मामला अन्ना लेझनेवा का है, जिन्होंने अपना देश, सभ्यता और संस्कृति छोड़कर पवन कल्याण के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया लेकिन बदले में उन्हें पवन कल्याण से क्या मिला? सोशल मीडिया पर लोग पवन कल्याण को धिक्कार रहे हैं. नंदिनी, रेणु देसाई और अब अन्ना आखिर क्यों पवन कल्याण की जिंदगी में कोई भी महिला टिक नहीं पाई? क्यों वे किसी के होकर नहीं रह पाए? आखिर विदेशी मेम अन्ना ने पवन कल्याण के लिए क्या-क्या कुर्बानियां दी थीं, जिनका जिक्र कर आज फैंस का कलेजा फट रहा है?
फिल्म के सेट पर हुई थी पवन और अन्ना की पहली मुलाकात
साल 2011 में फिल्म 'तीन मार' के सेट पर पवन कल्याण की मुलाकात रूसी मॉडल और अभिनेत्री अन्ना लेझनेवा से हुई अन्ना पवन के प्यार में इस कदर दीवानी हुईं कि उन्होंने भारतीय संस्कृति को पूरी तरह अपना लिया. सितंबर 2013 में दोनों ने शादी कर ली. अन्ना से पवन कल्याण के दो बच्चे हैं. अन्ना ने हमेशा लाइमलाइट से दूर रहकर पवन कल्याण के राजनीतिक और फिल्मी करियर में उनका साथ दिया. भारतीय रीति-रिवाजों को निभाया, मुंडन कराया और मंदिरों में मन्नतें मांगीं.
रूस में शुरू हुई थी अन्ना लेझनेवा की जिंदगी
आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की पत्नी बनने से पहले अन्ना लेझनेवा का अपना एक अलग जीवन था, जिसकी शुरुआत रूस में हुई थी. अन्ना लेझनेवा मॉडल, एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन थीं. उनका जन्म साल 1980 में रूस में हुआ था. उन्होंने अपनी जिंदगी हमेशा लाइमलाइट से दूर रखी. रूस में उनके शुरुआती जीवन की ज्यादा जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई. रूस से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद अन्ना ने आगे की पढ़ाई के लिए काफी समय सिंगापुर में बिताया.
रूस और सिंगापुर में की मॉडलिंग, बिजनेस में भी आजमाया हाथ
अन्ना ने करियर की शुरुआत रूस और सिंगापुर में मॉडल के तौर पर की थी. मॉडलिंग और एक्टिंग के साथ-साथ उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी हाथ आजमाया. सिंगापुर और रूस में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश कर उन्होंने एक सफल बिजनेसवुमन के रूप में अपनी पहचान बनाई. इन सबके बीच उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा. इसके बाद उनकी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री हुई.
'तीन मार' फिल्म के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
अन्ना लेझनेवा साल 2011 में एक विदेशी मॉडल के तौर पर भारत आई थीं. इसी दौरान उन्हें डायरेक्टर जयंत सी परांजी की तेलुगु फिल्म 'तीन मार' (Teen Maar) में एक छोटी सी भूमिका मिली. फिल्म के लीड हीरो पवन कल्याण थे. फिल्म के सेट पर ही अन्ना और पवन कल्याण की पहली मुलाकात हुई. शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई. लगभग दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद पवन कल्याण और अन्ना ने साथ आगे बढ़ने का फैसला किया. 30 सितंबर 2013 को हैदराबाद के एरागड्डा सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में 'स्पेशल मैरिज एक्ट' के तहत दोनों ने बेहद सादगी से शादी कर ली. तब तक पवन कल्याण दो शादियां और दो तलाक ले चुके थे. अन्ना लेझनेवा से उन्होंने तीसरी शादी की यह रिश्ता दो टूटे दिलों का मिलन था.
पवन कल्याण से पहले भी शादी कर चुकी थीं अन्ना
पवन कल्याण से मिलने और भारत आने से पहले अन्ना लेझनेवा रूस में अपनी निजी जिंदगी का एक अहम अध्याय जी चुकी थीं पवन कल्याण से शादी करने से पहले अन्ना की एक और शादी हो चुकी थी. हालांकि, कभी यह पता नहीं चला कि उनकी शादी किससे हुई थी, उनके पति कौन थे और यह रिश्ता क्यों टूटा पहले रिश्ते से अन्ना की एक बेटी हुई, जिनका नाम पोलेना अंजना पवनोवा (Polena Anjana Pawanova) है.
जब साल 2013 में अन्ना ने पवन कल्याण से शादी की, तब पवन कल्याण ने न सिर्फ अन्ना को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया, बल्कि उनकी बेटी पोलेना को भी कानूनी रूप से गोद लिया. उन्हें अपना नाम और पिता का प्यार दिया.
पवन कल्याण के परिवार का हिस्सा बनीं पोलेना
पोलेना पवन कल्याण के परिवार का हिस्सा बनीं और उनके बाकी बच्चों के साथ ही पली-बढ़ीं. साल 2017 में अन्ना और पवन कल्याण के बेटे मार्क शंकर पवनोविच का जन्म हुआ. उनके नाम में ईसाई और हिंदू, दोनों संस्कृतियों की झलक है. इसमें पवन कल्याण के भाई चिरंजीवी के नाम से 'शंकर' लिया गया. वहीं, पोलेना अंजना पवनोवा के नाम में अंजना शब्द पवन कल्याण की मां अंजना देवी के नाम पर रखा गया.
विदेशी होकर भी भारतीय परंपराओं में ढलीं अन्ना
विदेशी मूल की होने के बावजूद अन्ना ने शादी के बाद खुद को पूरी तरह भारतीय और खास तौर पर तेलुगु परंपराओं में ढाल लिया. उन्हें अक्सर साड़ी पहनते और भारतीय त्योहार मनाते हुए देखा जाता था. साल 2024 के लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में उन्होंने पवन कल्याण की जीत के लिए न केवल घर पर पूजा-पाठ किया, बल्कि उनके ऐतिहासिक चुनावी जीत हासिल करने और डिप्टी सीएम बनने के बाद पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर उनका स्वागत भी किया.
धर्म नहीं बदला, मंदिरों में पूजा के लिए भरती थीं फॉर्म
हालांकि, अन्ना ने अपना धर्म नहीं बदला वे मंदिरों में पूजा करने जाती रहीं, लेकिन गैर-हिंदू होने के नाते मंदिर के नियमों के अनुसार उन्हें फेथ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना पड़ता था. अन्ना ने चुपचाप और पर्दे के पीछे रहकर न केवल पति की सफलता की कामना की, बल्कि परिवार को भी संभाला. इसके साथ ही उन्होंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना जारी रखा. जुलाई 2024 में उन्होंने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर (NUS) से मास्टर ऑफ आर्ट्स (MA) की डिग्री हासिल की.उनके ग्रेजुएशन समारोह में पति पवन कल्याण भी उनका हौसला बढ़ाने के लिए सिंगापुर पहुंचे थे.
पवन कल्याण की सेहत के लिए अन्ना ने मांगी थी मन्नत
यह उनके प्यार का एक ऐसा दौर था, जब पवन कल्याण गंभीर रूप से बीमार पड़े थे. उस समय अन्ना ने उनके ठीक होने की मन्नत मांगी थी. अन्ना ने अपना सिर मुंडवाया और तिरुपति बालाजी मंदिर की कठिन सीढ़ियां चढ़कर अपनी मन्नत पूरी की थी. आज अन्ना से अलगाव की खबर सामने आई तो लोग इसी वजह से पवन कल्याण को कोस रहे हैं. कभी किसी को भनक तक नहीं लगी कि ऐसा दिन भी आ सकता है, जब पवन कल्याण और अन्ना अलग हो सकते हैं, ज्यादा पुरानी बात नहीं है, जब मई में पवन कल्याण अन्ना और बच्चों को लेकर पीएम मोदी से मिलने आए थे.
तीन शादियां और तीन तलाक, सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
पवन कल्याण ने तीन शादियां कीं और तीनों रिश्ते तलाक पर खत्म हुए यही बात कहकर लोग उन्हें ताना दे रहे हैं. पवन कल्याण की तीन शादियों से कुल चार बच्चे हैं, हालांकि, उनकी पहली पत्नी नंदिनी से कोई संतान नहीं हुई, लेकिन दूसरी और तीसरी पत्नी से उनका परिवार आगे बढ़ा.
अपनी तीन शादियों पर क्या बोले थे पवन कल्याण?
पवन कल्याण की शादियां और तलाक हमेशा बहस का मुद्दा रहे हैं. उनसे बार-बार इस बारे में सवाल किए जाते रहे. हालांकि, पवन कल्याण ने इस मुद्दे पर बोलने से कभी परहेज नहीं किया. अपनी तीन शादियों पर उठते सवालों का जवाब देते हुए पवन कल्याण ने एक बार 'अनस्टॉपेबल विद NBK' शो में कहा था, "मैंने तीन शादियां कीं, लेकिन तीनों शादियां एक साथ या एक ही वक्त पर नहीं कीं. जब एक इंसान के साथ रिश्ता नहीं चल पाया, तो मुझे दूसरी शादी करनी पड़ी. यह कोई शौक या वासना के लिए नहीं था. ये शादियां बस हो गईं और इनमें सिर्फ और सिर्फ दर्द शामिल है".
रेणु देसाई को ट्रोल करने पर उठे थे सवाल
जब पवन कल्याण ने रेणु देसाई से तलाक के तुरंत बाद अन्ना लेझनेवा से शादी की, तो सोशल मीडिया पर फैंस ने उनका स्वागत किया लेकिन जब रेणु देसाई ने भविष्य में दोबारा शादी करने या हमसफर की जरूरत की बात की, तो पवन कल्याण के कुछ फैंस ने उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया. रेणु ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था, "हमारे समाज में एक पुरुष कुछ भी कर सकता है और कितनी भी शादियां कर सकता है लेकिन एक महिला के लिए किसी दूसरे रिश्ते के बारे में सोचना भी पाप माना जाता है? क्या एक औरत को जिंदगी भर पछतावे के साथ अकेले ही रहना चाहिए?"
1997 में नंदिनी से हुई थी पवन कल्याण की पहली शादी
पवन कल्याण की पहली शादी साल 1997 में नंदिनी के साथ हुई थी यह एक पारंपरिक अरेंज मैरिज थी, जिसे परिवार के बड़ों ने तय किया था लेकिन शादी के महज दो साल बाद, 1999 से ही दोनों अलग रहने लगे. यह रिश्ता बेहद कड़वाहट के साथ खत्म हुआ नंदिनी के पत्नी रहते हुए ही.
रेणु देसाई के साथ लिव-इन में रहने लगे थे पवन कल्याण
साल 2001 तक पवन कल्याण अपनी को-स्टार रेणु देसाई के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे. इससे उनके और नंदिनी के रिश्ते में दरार और गहरी हो गई. विवाद तब और बढ़ गया, जब साल 2007 में नंदिनी ने पवन कल्याण पर बिना तलाक लिए. दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में 'बायगेमी' (Bigamy) का केस दर्ज करा दिया.
2008 में नंदिनी से हुआ तलाक
हालांकि, पवन कल्याण के वकीलों और खुद रेणु देसाई ने कोर्ट में गवाही दी कि वे शादीशुदा नहीं, बल्कि सिर्फ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. इसके बाद सबूतों के अभाव में कोर्ट ने पवन कल्याण को बरी कर दिया. इसके तुरंत बाद पवन कल्याण ने भी तलाक की अर्जी दाखिल की. आखिरकार, 2008 में आपसी सहमति से उनका तलाक हो गया, सेटलमेंट के तौर पर पवन कल्याण ने नंदिनी को 5 करोड़ रुपये का भारी-भरकम गुजारा भत्ता (Alimony) दिया था. इसके बाद नंदिनी हमेशा के लिए मीडिया की चकाचौंध से दूर अमेरिका शिफ्ट हो गईं.
रेणु देसाई से प्यार और फिर शादी
पहली पत्नी से अलग रहने के दौरान ही पवन कल्याण की जिंदगी में अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई आईं. साल 2000 में फिल्म 'बद्री' के सेट पर दोनों की मुलाकात हुई और दोनों को प्यार हो गया. कई सालों तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और दो बच्चों अकीरा और आध्या के माता-पिता बनने के बाद दोनों ने साल 2009 में शादी की. हालांकि, बेटे अकीरा का जन्म 2004 में ही हो गया था. फिर भी यह रिश्ता टिक नहीं पाया पारिवारिक मतभेदों के चलते साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया.
तलाक के 14 साल बाद भी रेणु देसाई का दर्द
हाल ही में रेणु देसाई ने एक पॉडकास्ट में अपना दर्द बयां करते हुए कहा था कि भगवान राम का वनवास भी 14 साल में खत्म हो गया था, लेकिन पवन कल्याण से तलाक के 14 साल बाद भी लोग आज तक उन्हें जज करते हैं और उनका वनवास खत्म नहीं हो रहा. शुरुआती कड़वाहट और ऑनलाइन ट्रोलिंग के बावजूद रेणु देसाई ने हमेशा यह साफ किया है कि वे और पवन कल्याण एक-दूसरे के दुश्मन नहीं हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, "हमारे बीच कोई लड़ाई या कड़वे संबंध नहीं हैं. हम अपने बच्चों अकीरा और आध्या के भविष्य के लिए आपस में बहुत दोस्ताना समीकरण रखते हैं और मिलकर बच्चों की परवरिश करते हैं".
अकीरा और आध्या, पवन कल्याण के दो बच्चे
पवन कल्याण और अभिनेत्री रेणु देसाई के दो बच्चे हैं बेटे अकीरा नंदन का जन्म 8 अप्रैल 2004 को हुआ था अकीरा पवन कल्याण के बड़े बेटे हैं और कद-काठी में अपने पिता से भी लंबे हैं. वे अपना करियर बना रहे हैं. अकीरा नंदन इस समय साउथ सिनेमा के चर्चित स्टार किड्स में से एक हैं. मई में जब पवन कल्याण दिल्ली में पीएम मोदी से मिले थे, तब अकीरा भी उनके साथ थे. पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर आशीर्वाद दिया था. बेटी आध्या कोनिडेला का जन्म साल 2010 में हुआ था. आध्या पवन कल्याण की बड़ी बेटी हैं, वह सोशल मीडिया की चकाचौंध से काफी दूर रहना पसंद करती हैं, लेकिन अपनी मां रेणु देसाई और पिता पवन कल्याण दोनों के बेहद करीब हैं.
ADVERTISEMENT


