लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस की अल्पसंख्यक बैठक में 'अगले एक साल में मोदी सरकार गिर जाएगी' वाले बयान पर देश की सियासत गरमा गई है. राहुल गांधी के इस दावे पर केंद्र सरकार की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार करते हुए इसे देश में अराजकता और हिंसा भड़काने की एक गंभीर साजिश करार दिया है.
ADVERTISEMENT
पीयूष गोयल का आरोप- 'देश को सुलझाने की साजिश'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राहुल गांधी का यह बयान कोई सामान्य राजनीतिक बयान नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, तमाम विपक्षी दल और 'टूलकिट गैंग' मिलकर देश को अस्थिर करने का सपना देख रहे हैं. पीयूष गोयल के मुताबिक, जब विपक्ष को समझ आ गया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकतांत्रिक तरीके से सीधे चुनाव में नहीं हरा सकते और न ही जनता के दिलों से निकाल सकते हैं, तो अब वे देश में अशांति फैलाना चाहते हैं.
'विपक्ष को देश की तरक्की बर्दाश्त नहीं'
पीयूष गोयल ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और सहयोगियों के मन में भारत के प्रति इतनी नफरत भर चुकी है कि वे देश के साथ कुछ भी अच्छा होता नहीं देख सकते. उन्होंने कहा कि विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करना, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना और विदेशी ताकतों से भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करना ही कांग्रेस का असली एजेंडा बन चुका है.
'जनता समझदार है, साजिश कभी कामयाब नहीं होगी'
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि देश की जनता बेहद समझदार है. वह राहुल गांधी, पूरे विपक्ष और देश विरोधी टूलकिट गैंग की हर चाल को अच्छी तरह समझती है. जनता ने पहले भी इन्हें करारा जवाब दिया है और आगे भी देगी. उन्होंने साफ कहा कि देश को संकट में डालने की विपक्षी गठबंधन (INDI Alliance) की कोई भी साजिश कभी कामयाब नहीं होने वाली है.
बता दें कांग्रेस की अल्पसंख्यक सलाहकार समिति की बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि देश के भीतर और वैश्विक स्तर पर बढ़ रहे आर्थिक असंतोष व महंगाई के कारण अगले एक साल में मोदी सरकार गिर जाएगी.
यहां देखें राहुल गांधी ने क्या था - 'अगले एक साल में गिर जाएगी मोदी सरकार', कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी की भविष्यवाणी!
ADVERTISEMENT


