प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से बीजेपी देशभर में एक महीने का विशेष अभियान शुरू करने जा रही है. पार्टी ने इसे 'सेवा संकल्प अभियान' नाम दिया है. यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
आज बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अभियान की जानकारी दी है. इस दौरान उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पदयात्रा और बाइक रैली समेत कई कार्यक्रम होंगे. अभियान के जरिए लोगों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने की कोशिश की जाएगी.
17 सितंबर को रक्तदान से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को होगी. इस दिन देशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. इसके बाद शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले परिवार अपने घरों में दीप जलाएंगे. बीजेपी के मुताबिक, इसके जरिए लाभार्थी प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे.
2 अक्टूबर को चलेगा स्वच्छता अभियान
'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 2 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा. इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर पदयात्रा और बाइक रैली आयोजित की जाएंगी. पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने के साथ विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूक किया जाएगा.
मोदी के जनसेवा के 25 साल पर खास फोकस
बीजेपी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने से भी जोड़ा है. 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी. 7 अक्टूबर 2026 को उनके इस सफर के 25 साल पूरे हो जाएंगे.
पार्टी इस पूरे सफर को 'सेवा संकल्प अभियान' के दौरान लोगों के बीच लेकर जाएगी. बीजेपी का फोकस मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री पद तक के राजनीतिक सफर को सामने रखने पर भी रहेगा.
गुजरात से शुरू हुए सफर का किया जिक्र
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के शुरुआती राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सफर एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ था.
उन्होंने गुजरात में नर्मदा परियोजना के जरिए घर-घर पानी पहुंचाने की कोशिश और 'वाइब्रेंट गुजरात' के माध्यम से निवेश बढ़ाने का जिक्र किया. नितिन नवीन ने कहा कि 2014 से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में शामिल किया जाता था, जबकि आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता है. उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत होने का भी दावा किया.
महिलाओं और युवाओं की उपलब्धियों पर भी जोर
बीजेपी अध्यक्ष ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को भी अभियान के व्यापक संदेश से जोड़ा. उन्होंने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' से लेकर 'लखपति दीदी' तक की योजनाओं का उल्लेख किया. नारीशक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं की नीति निर्माण में भागीदारी बढ़ाने की कोशिश का भी जिक्र किया गया.
नितिन नवीन ने युवाओं की भूमिका पर कहा कि देश में स्टार्टअप और यूनिकॉर्न की संख्या बढ़ी है. उनके मुताबिक, युवा अब केवल नौकरी पाने वाले नहीं रह गए हैं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं.
विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत पर भी जोर
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कामों का भी उल्लेख किया. उन्होंने राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ और महाकाल जैसे धार्मिक स्थलों पर हुए कार्यों को गिनाया.
उन्होंने सीमावर्ती गांवों को लेकर सोच में आए बदलाव का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, पहले सीमावर्ती इलाकों को 'भारत का आखिरी गांव' कहा जाता था, लेकिन अब इन्हें 'भारत का प्रथम गांव' कहा जा रहा है. बीजेपी का कहना है कि इससे देश के सीमावर्ती क्षेत्रों और वहां रहने वाले लोगों को देखने का नजरिया बदला है.
एक महीने तक देशभर में होंगे कार्यक्रम
'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा. बीजेपी इस दौरान सेवा गतिविधियों के जरिए आम लोगों को जोड़ने की तैयारी में है.
पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के जनसेवा के सफर को लोगों तक पहुंचाना और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है.
ADVERTISEMENT


