प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर बड़ा भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा. सरकार नारी शक्ति से किया अपना वादा हर हाल में पूरा करेगी. मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयकों को संसद में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है.
ADVERTISEMENT
महिला आरक्षण लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर महिला आरक्षण को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठती रही है. कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान भी उनके सामने यह मुद्दा रखा है.
मोदी ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने में आने वाली हर रुकावट को दूर करेगी. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दल भी नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. देश की महिलाओं का समर्थन भी इस संकल्प के साथ है. उन्होंने साफ किया कि महिला आरक्षण को लागू करना अब सिर्फ समय की बात है.
परिसीमन से जुड़ा है महिला आरक्षण का मामला
प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से महिला आरक्षण लागू करने के लिए नए प्रस्तावों को मंजूरी देने के एक दिन बाद आया है. सरकार के प्रस्तावों का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है.
इस प्रस्ताव के तहत संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को शामिल किया गया है. दरअसल, महिला आरक्षण से जुड़ा कानून संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 है. इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है.
हालांकि, इस कानून को लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया जरूरी रखी गई है. यह प्रक्रिया संबंधित जनगणना के आंकड़े जारी होने के बाद होनी है. इसी वजह से महिला आरक्षण को लागू करने का मामला परिसीमन से जुड़ा हुआ है.
लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव
केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव में परिसीमन के जरिए महिला आरक्षण लागू करने की योजना है. इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की कुल सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है. प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 की जा सकती हैं. इनमें 815 सीटें राज्यों के लिए और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित हैं.
इसी तरह राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटों की संख्या 650 तक करने का प्रस्ताव है. इससे महिला आरक्षण लागू करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाने का रास्ता तैयार हो सकता है.
दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर करने की कोशिश
परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों की एक बड़ी चिंता यह रही है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने से संसद में उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है. केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव में इस चिंता को भी ध्यान में रखने की कोशिश की गई है. प्रस्ताव के अनुसार, 2051 तक लोकसभा की मौजूदा सीटों का राज्यों के बीच अनुपात बरकरार रखा जाएगा.
ADVERTISEMENT


