लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहली बार खुलकर बताया है कि बीजेपी में उन्हें कौन-सा नेता सबसे ज्यादा पसंद है. इंस्टाग्राम पर 'Ask Me Anything' सेशन में एक यूजर ने उनसे यही सवाल पूछा. राहुल गांधी ने बिना झिझक पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और उनकी तारीफ भी की.
ADVERTISEMENT
राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, "कैप्टन अमरिंदर सिंह. मैंने उनके साथ काफी काम किया है. वो बहुत कूल इंसान हैं. उन्हें मिलिट्री हिस्ट्री की अच्छी जानकारी है, इसलिए मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं." जवाब के आखिर में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "Hello, Uncle Amarinder!"
कभी कांग्रेस में थे, अब बीजेपी में हैं अमरिंदर सिंह
कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल रहे. वह दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री भी रहे. हालांकि, 2021 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी. इसके बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से नई पार्टी बनाई और सितंबर 2022 में अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर दिया. तभी से वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं.
पंजाब चुनाव से पहले बढ़ी चर्चा
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि राहुल गांधी ने सिर्फ अपनी व्यक्तिगत पसंद बताई और अमरिंदर सिंह के अनुभव और व्यक्तित्व की तारीफ की.
छात्रों और Gen-Z के सवालों का दिया जवाब
राहुल गांधी इन दिनों इंस्टाग्राम पर 'Ask Me Anything' सेशन चला रहे हैं. उन्होंने कहा था कि छात्र और Gen-Z उनसे जो भी सवाल पूछना चाहें, वह उसका जवाब देंगे. इस दौरान उनसे राजनीति के अलावा निजी पसंद और शौक से जुड़े सवाल भी पूछे गए.
एक यूजर ने जानवरों से उनके लगाव के बारे में पूछा. राहुल गांधी ने कहा कि जानवरों को भी इस धरती पर सम्मान के साथ जीने का पूरा अधिकार है. उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी के पालतू कुत्ते नूरी का भी जिक्र किया और मजाक में कहा कि इस वीडियो को देखकर उनकी मां शायद नाराज होंगी, लेकिन सब संभाल लिया जाएगा.
बैटमैन वाले सवाल पर दिया मजेदार जवाब
सेशन के दौरान एक यूजर ने मजाक में पूछा कि क्या आप बैटमैन हैं? इस पर राहुल गांधी ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने लिखा, "बस इतना कह सकता हूं कि मुझे और बैटमैन को किसी ने एक साथ कभी नहीं देखा है."
राहुल गांधी के इस इंस्टाग्राम सेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग उनके जवाबों पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT


