उपराष्ट्रपति धनखड़ की मिमिक्री का वीडियो वायरल करने के सवाल पर राहुल गांधी ने दिया ये जवाब

NewsTak

20 Dec 2023 (अपडेटेड: Dec 20 2023 10:33 AM)

अपनी मिमिक्री किए जाने को लेकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आहत नजर आ रहे हैं. धनखड़ ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा, ‘अगर कोई व्यक्ति वीडियोग्राफी कर आनंद लेता है… हरकतें करता है… ये संस्कार हैं क्या आपके ? यहां तक स्तर आ गया क्या?’

Rahul gandhi
Rahul gandhi
Google CTA

Mimicry Controversy of Jagdeep Dhankhar: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री यानी नकल उतारे जाने के मामले पर जमकर सियासत हो रही है. अब इस मामले में कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं. असल में मंगलवार को जब रिकॉर्ड संख्या में विपक्ष के सांसदों को संसद से निलंबित किया गया, तब सदन के बाहर मिमिक्री का पूरा वाकया देखने को मिला. संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर हंगामा करने पर सस्पेंड किए गए सांसद नए संसद भवन के मकर द्वार पर धरना दे रहे थे. यहीं तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के अध्यक्ष द्वारा, सदनों की कार्यवाही का संचालन किए जाने की नकल उतारी.

Read more!

फिर राहुल की एंट्री कहां से हुई?

असल में जब ये सब हो रहा था तब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी वहीं मौजूद थे. राहुल गांधी अपने मोबाइल में इस पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं.

धनखड़ ने भी किया इस बात का जिक्र

अपनी मिमिक्री किए जाने को लेकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आहत नजर आ रहे हैं. उन्होंने बुधवार को राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से कहा कि इन दोनों नेताओं की चुप्पी उनको अखर रही है. धनखड़ ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा, ‘अगर कोई व्यक्ति वीडियोग्राफी कर आनंद लेता है… हरकतें करता है… ये संस्कार हैं क्या आपके ? यहां तक स्तर आ गया क्या?’ धनखड़ इस मिमिक्री एक्ट को किसान किसान समाज और उनकी जाति (जाट) का अपमान बता चुके हैं. वैसे मल्लिकार्जुन खड़गे पहले हील इस पर कह चुके हैं कि हर बात में जाति को नहीं घसीटा जाना चाहिए. खड़गे ने तब तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें हर बार राज्यसभा में बोलने की अनुमति नहीं मिलने पर क्या यह कहना चाहिए कि दलित होने के कारण ऐसा हुआ है?

अब राहुल गांधी ने दिया ये जवाब

धनखड़ की मिमिक्री को रिकॉर्ड करने और वायरल करने के दावों पर राहुल गांधी ने अब तीखा जवाब दे दिया है. राहुल गांधी ने कहा कि जिन सांसदों को निष्कासित किया गया वो वहां बैठे थे. मैंने उनका वीडियो शूट किया और मेरा वीडियो मेरे फोन में है. राहुल गांधी ने कहा कि वहां जो हुआ उसे मीडिया दिखा रहा है, किसी और ने कुछ नहीं कहा है.

राहुल गांधी ने इससे उलट एक नया सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि, ‘हमारे 150 सांसदों को (सदन से) बाहर निकाल दिया गया है लेकिन मीडिया में उस पर कोई चर्चा नहीं है. अडानी पर कोई चर्चा नहीं, राफेल पर कोई चर्चा नहीं, बेरोजगारी पर कोई चर्चा नहीं।. हमारे सांसद निराश होकर बाहर बैठे हैं लेकिन आप उस (मिमिक्री) पर चर्चा कर रहे हैं…’