'देश में आने वाला है भयंकर आर्थिक तूफान...लोगों को लगने जा रही जबरदस्त चोट', रायबरेली में राहुल गांधी की बड़ी चेतावनी

Rahul Gandhi Rae Bareli Rally: राहुल गांधी ने रायबरेली की सभा में पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोलते हुए चेतावनी दी है कि देश में भयंकर आर्थिक तूफान आने वाला है जिससे महंगाई आसमान छुएगी.

NewsTak
राहुल गांधी ने रायबरेली में दी बड़ी चेतावनी.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर एक बेहद डरावनी और बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा कि देश में एक ऐसा 'जबरदस्त आर्थिक तूफान' आने वाला है, जो इससे पहले देश की जनता ने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा होगा. 

Read more!

अंबानी-अडानी महलों में रहेंगे सुरक्षित, चोट गरीब और मजदूर को लगेगी: राहुल

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दुख की बात यह है कि इस आने वाले आर्थिक तूफान को अब कोई रोक नहीं सकता. उन्होंने आगे कहा, "इस तूफान की चोट अंबानी और अडानी को नहीं लगेगी, वे तो अपने महलों में भारी सुरक्षा के बीच सुरक्षित बैठे रहेंगे. इसकी असली चोट हिंदुस्तान के गरीब किसान, मजदूर, बेरोजगार युवाओं और देश को रोजगार देने वाले छोटे व्यापारियों व लघु उद्योगों को लगने जा रही है."

आसमान छुएगी महंगाई, बढ़ने जा रहे पेट्रोल के दाम 

राहुल गांधी ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से सरकार को इस आर्थिक संकट को लेकर आगाह कर रहे हैं और देश की जनता से कह रहे हैं कि वे इसकी तैयारी कर लें, क्योंकि लोगों को बहुत गहरी चोट लगने वाली है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पेट्रोल के दाम बेतहाशा बढ़ने जा रहे हैं और महंगाई सीधे आसमान की ओर जाएगी. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जब वह इस संकट की बात करते हैं तो विपक्षी नेता कहते हैं कि राहुल गांधी को कोई समझ नहीं है. 

पीएम मोदी पर साधा निशाना- जनता को छोड़कर कभी नॉर्वे तो कभी जापान भाग जाते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हम आज भी उनसे कह रहे हैं कि समय रहते एक्शन लीजिए और देश के किसानों व जनता की रक्षा कीजिए, लेकिन उन्हें देश से कुछ लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा, "जब देश में संकट की स्थिति है, तो वे कभी हवाई जहाज में बैठकर नॉर्वे चले जाते हैं, तो कभी जापान चले जाते हैं."

मीडिया और सोशल मीडिया पर भी उठाए सवाल 

भाषण के दौरान राहुल गांधी ने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि मीडिया पर पूरी तरह अंबानी और अडानी का कंट्रोल है. 24 घंटे सिर्फ अंबानी-अडानी की शादी, उनकी बातें या फिर क्रिकेट दिखाया जाता है, किसानों और मजदूरों की बात गायब है. राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें 24 घंटे सिर्फ व्हाट्सएप चलाने और रील्स देखने में उलझा दिया गया है. 

अंत में राहुल गांधी ने एक बार फिर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हम हर रोज नरेंद्र मोदी से कह रहे हैं कि देश के छोटे व्यापारियों और किसानों की रक्षा करना शुरू करें, क्योंकि अगर ऐसा नहीं किया गया तो देश का एक ऐसा जबरदस्त नुकसान होगा जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती. 

आंध्र प्रदेश में तेजी से घट रही है जनसंख्या! तीसरा बच्चा होने पर 30 हजार और चौथे पर मिलेंगे 40 हजार रुपये

 


 

    follow google news