Rajya Sabha Election Results 2026: राज्यसभा चुनाव के फाइनल नतीजे... बिहार में तेजस्वी और ओवैसी का दांव भी पड़ा उल्टा, जानें 37 सीटों का पूरा अंक गणित

देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के नतीजे आ चुके हैं जिसमें बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने 22 सीटों पर कब्जा जमाकर विपक्ष को करारी शिकस्त दी है. बिहार से लेकर ओडिशा तक विपक्षी गठबंधन की रणनीति धरी की धरी रह गई और एनडीए को 10 सीटों का बड़ा फायदा हुआ है.

Rajya Sabha Election Results 2026
Rajya Sabha Election Results 2026

कुबूल अहमद

follow google news

Rajya Sabha Election Results 2026: बिहार, हरियाणा और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने विपक्षी खेमे की हर कोशिश को नाकाम कर दिया है. सोमवार को आए नतीजों में बीजेपी की रणनीति के आगे विपक्ष का हर दांव फीका नजर आया. बीजेपी को साधने के लिए बिहार में तेजस्वी यादव और असदुद्दीन ओवैसी के साथ आने का भी कोई असर नहीं दिखा. वहीं ओडिशा में कांग्रेस और बीजेडी का साथ भी कोई कमाल नहीं दिखा पाया. ऐसे चलिए खबर में जानते हैं कि सोमवार को हुए चुनाव में किस दल या गठबंधन को कितनी सीटें मिली.

Read more!

11 में किसको मिली कितनी सीटों 

सोमवार को हुए मतदान में तीन राज्यों की 11 सीटों में से एनडीए ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं इस मुकाबले में विपक्ष के हाथ सिर्फ 2 सीटें ही लग सकीं. वहीं पार्टी की बात करें तो बीजेपी ने अकेले 5 सीटें जीती, वही उसके सहयोगी दलों के खाते में 4 सीटें आईं हैं. उधर विपक्ष की तरफ से कांग्रेस और बीजेडी को केवल एकएक सीट से संतोष करना पड़ा है.

37 सीटों का फाइनल स्कोरकार्ड

अगर सभी 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों की बात करें तो तस्वीर काफी दिलचस्प है. इन 37 सीटों में से 26 सदस्यों को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था. इसमें एनडीए और विपक्ष के पास 13-13 सीटें थीं. लेकिन सोमवार को 11 सीटों पर हुए चुनाव के बाद एनडीए का आंकड़ा 22 तक पहुंच गया है जबकि विपक्ष के पाले में 15 सीटें आईं.

जानें एनडीए गठबंधन में पार्टियों की सीटें

एनडीए को मिली कुल 22 सीटों में बीजेपी ने 13 पर जीत दर्ज की है. बाकी 9 सीटें उनके सहयोगियों दलों के खाते में गई हैं. इनमें जेडीयू को 2, शिंदे की शिवसेना को 1, अजित पवार की एनसीपी को 1, पीएमके को 1, एआईएडीएमके को 1, यूपीपीएल को 1, आरएलएसएम को 1 और एक सीट बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को मिली है.

विपक्षी खेमे की पार्टियों की स्थिति

विपक्ष को मिली 15 सीटों में सबसे ज्यादा कांग्रेस के पास 6 सीटें आई हैं. इसके अलावा टीएमसी को 4, डीएमके को 3, शरद पवार की एनसीपी को 1 और बीजेडी को 1 सीट मिली है. इस चुनाव के बाद विपक्ष के खेमे में सीटों का समीकरण काफी बदल गया है.

किसे हुआ फायदा और किसे नुकसान

सीटों के नफे-नुकसान को देखें तो एनडीए को सीधे तौर पर 10 सीटों का फायदा हुआ है. चुनाव से पहले एनडीए के पास 12 सीटें थीं जो अब 22 हो गई हैं. वहीं विपक्ष को 10 सीटों का भारी नुकसान झेलना पड़ा है, उनकी संख्या 25 से घटकर 15 पर आ गई है. बीजेपी की सीटें 9 से बढ़कर 13 हो गई हैं.

क्षेत्रीय दलों के लिए कैसे रहे नतीजे

पार्टी स्तर पर देखें तो जेडीयू, एआईएडीएमके और पीएमके जैसे दलों ने अपनी सीटें बरकरार रखी हैं. वहीं विपक्षी खेमे में आरजेडी को बड़ा झटका लगा है, जिसकी 2 सीटें घटकर शून्य हो गई हैं. शिवसेना (यूबीटी), सीपीआईएम और बीआरएस अपना खाता भी नहीं खोल सकीं. डीएमके की सीटें भी 4 से घटकर 3 रह गई हैं, जबकि बीजेडी को दो में से सिर्फ एक ही सीट मिल पाई है.

यह भी पढ़ें:

    follow google news