'सोना, चांदी और नकद...सब खंगाला जाए', राम मंदिर दान विवाद में राहुल-खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, कहा- 'आपकी चुप्पी बर्दाश्त से बाहर'

न्यूज तक डेस्क

• 11:43 AM • 19 Jul 2026

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच की मांग की है. दोनों नेताओं ने पीएम की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के वित्तीय खातों को सार्वजनिक करने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Ram Mandir Donation Theft
Ram Mandir Donation Theft
Google CTA

अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. दोनों नेताओं ने कहा है कि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.

Read more!

'हजारों करोड़ रुपये की चोरी' का लगाया आरोप

18 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में राहुल गांधी और खड़गे ने आरोप लगाया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चंदे में हजारों करोड़ रुपये की गड़बड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास के साथ दान दिया था, इसलिए इस मामले की सच्चाई सामने आना जरूरी है.

पीएम मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री इस पूरे मामले से परिचित हैं, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. उन्होंने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बीच सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है और जवाबदेही तय करना जरूरी है.

ट्रस्ट के गठन और सदस्यों पर भी उठाए सवाल

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद हुआ था और इसकी घोषणा संसद में प्रधानमंत्री ने की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार की ओर से की गई थी. पत्र में यह भी कहा गया कि ट्रस्ट के कुछ सदस्य आरएसएस, वीएचपी और उनसे जुड़े संगठनों से जुड़े रहे हैं.

स्वतंत्र जांच और वित्तीय ऑडिट की मांग

कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से मांग की कि ट्रस्ट के सभी वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में नकद दान, सोना, चांदी और अन्य सभी प्रकार के चढ़ावे को शामिल किया जाए, ताकि पूरे मामले की पारदर्शी जांच हो सके.

रिपोर्ट और खातों को सार्वजनिक करने की मांग

पत्र में यह भी मांग की गई कि जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट और ट्रस्ट के वित्तीय खातों को सार्वजनिक किया जाए. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनके द्वारा दिया गया दान किस तरह उपयोग किया गया.

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए.