दक्षिण भारत में पार्टी विस्तार करने की कोशिश कर रही बीजेपी को केरलम में एक के बाद एक झटके लग रहे हैं. तमिलनाडु के बाद अब केरलम में भी पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. जिस केरलम में बीजेपी सेलिब्रिटी और बड़े चेहरों को जोड़कर अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रही थी, वहां अब 'रिवर्स पलायन' शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT
केरलम में बीजेपी के 'कमल' को दो-दो 'पद्म यानी पद्मजा और पद्मिनी' ने बड़ा झटका दिया है. दोनों के नाम संस्कृत शब्द 'पद्म' (कमल) से शुरू होते हैं, जो बीजेपी का चुनाव चिह्न है. कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे और पूर्व सीएम के. करुणाकरन की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल के 19 नवंबर को बीजेपी छोड़ने के महज 24 घंटे के भीतर, देश की दिग्गज एथलीट और अर्जुन पुरस्कार विजेता पद्मिनी थॉमस ने भी 20 नवंबर को बीजेपी को अलविदा कह दिया.
दोनों में कॉमन ये है कि दोनों ही महिला नेताओं ने बीजेपी में आने को अपनी गलती मानी है. पद्मिनी थॉमस ने सीधे कांग्रेस में वापसी का ऐलान कर दिया है. पद्मजा वेणुगोपाल ने कांग्रेस में लौटने के विकल्प खुले रखे हैं. एक और तीसरे हाईप्रोफाइल महिला चेहरे के भी पार्टी में असहज होने की चर्चाएं तेज हैं, लेकिन उनकी बात आगे करेंगे.
कौन हैं पद्मिनी थॉमस?
पद्मजा वेणुगोपाल प्योर पॉलिटिकल फैमिली से हैं, इसलिए उनका बीजेपी में आना और जाना हमेशा हेडलाइन बनता रहा. वहीं, पद्मिनी थॉमस का शुरुआती जीवन राजनीति से दूर रहा. उन्होंने एथलेटिक्स की फील्ड में इतना बड़ा नाम कमाया कि बीजेपी खुद उनको बुलाकर पार्टी में लाई थी. पद्मिनी थॉमस ने 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा था. देश के लिए इस योगदान पर सरकार ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया. स्पोर्ट्स कोटे से भारतीय रेलवे में सेवाएं देकर रिटायर होने के बाद उन्होंने प्रशासनिक और सियासी पारी शुरू की. उनके दिवंगत पति जॉन सेल्वन भी जाने-माने एथलीट रहे.
मार्च 2024 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी किया था जॉइन
पद्मिनी थॉमस राजनीति में नहीं रहीं लेकिन राजनीति से दूर भी नहीं रह पाई. बीजेपी से पहले कांग्रेस की उन पर नजर रही. खेल प्रशासन में उनके अनुभव को देखते हुए 2011 से 2016 के बीच तत्कालीन सीएम ओमन चांडी ने उन्हें 'केरलम स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल' का अध्यक्ष बनाया. इस तरह वे कांग्रेस की राजनीति से जुड़ती गईं. मार्च 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले हलचल तब मच गई, जब एक छोटी सी अनबन के बाद पद्मिनी ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली. तब पीएम मोदी के विजन और खेलों के प्रति उनके समर्पण से प्रभावित होकर पद्मिनी थॉमस ने खुलकर भाजपाई होना तय किया था.
क्यों कांग्रेस में हुई वापसी?
बीजेपी में शामिल होते समय पद्मिनी को उम्मीद थी कि उन्हें खेलों के क्षेत्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी या फिर लोकसभा या विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा. लेकिन दो साल खाली निकल गए. नाम के लिए पार्टी ने उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष तो बना दिया, लेकिन करने के लिए कुछ खास नहीं था. हद तो तब हो गई जब 2025 के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी ने उन्हें तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 'पलायम' (Palayam) वार्ड से मैदान में उतार दिया, एक ऐसी सीट जहां बीजेपी के पास कोई दूसरा उम्मीदवार तक नहीं था, और उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
दो साल की घुटन के बाद सब्र का बांध टूटा और पद्मिनी थॉमस ने ये कहते हुए बीजेपी से इस्तीफा दे दिया कि पार्टी ने अपने वादे पूरे नहीं किए, और वे बिना किसी शर्त के अपने 'परिवार' यानी कांग्रेस में लौट रही हैं. पद्मिनी ने तो यहां तक संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में कई और नेता भी बीजेपी छोड़ सकते हैं.
आर. श्रीलेखा भी छोड़ेगी पार्टी?
केरलम में बीजेपी के भीतर मची इस हलचल ने पार्टी के भीतर एक बड़े 'ट्रस्ट डेफिसिट' (Trust Deficit) को उजागर कर दिया है. पद्मिनी थॉमस ने बीजेपी छोड़ते वक्त ये इशारा भी किया कि केरलम की पहली महिला DGP रहीं आर. श्रीलेखा भी पार्टी में वैसी ही घुटन महसूस कर रही हैं. श्रीलेखा को भी बीजेपी ने बड़े चेहरे के तौर पर पेश किया था. विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्हें नगर निगम चुनाव लड़वाया गया और तिरुवनंतपुरम में पार्टी की जीत के बावजूद उन्हें मेयर बनने का मौका नहीं मिला. पिछले महीने अक्टूबर में भी श्रीलेखा नाराज होकर पार्षद पद से इस्तीफा दे चुकी थीं, हालांकि तब केंद्रीय और राज्य नेतृत्व ने उन्हें मना लिया था. अब पद्मिनी के बयान से एक बार फिर सस्पेंस बढ़ गया है.
आखिर क्या इसके पीछे की वजह?
आखिर मार्च 2024 में बड़े जोर-शोर से बीजेपी में शामिल होने वाले ये दिग्गज चेहरे ढाई साल बाद ही कांग्रेस में वापसी का रास्ता क्यों तलाश रहे हैं? इसकी असली वजह केरलम की बदली हुई सत्ता की तस्वीर में छिपी है. राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) की 102 सीटों के प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी हो चुकी है. 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले जिन नेताओं को लगा था कि केरलम में बीजेपी एक बड़ी सत्ताधारी ताकत बनेगी और उन्हें बड़े पद मिलेंगे, विधानसभा चुनाव में बीजेपी के महज 3 सीटों पर सिमटने और पद्मजा जैसे दिग्गजों की हार से उनके सारे गुणाभाग धरे के धरे रह गए.
सीएम सतीशन के सामने चैलेंज!
हालांकि मुश्किल ये है कि बीजेपी छोड़ने के बाद इन नेताओं के लिए कांग्रेस में भी 'रेड कार्पेट' इतना आसान नहीं है. मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के सामने अपने ही कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और एडजस्ट करने का दबाव है. कांग्रेस की छात्र इकाई केएसयू (KSU) के अध्यक्ष अलोशियस जेवियर जैसे नेता खुलकर बोल रहे हैं कि कठिन समय में पार्टी को धोखा देकर जाने वालों को सीधे कोई बड़ा पद न दिया जाए, बल्कि पहले उन्हें बूथ स्तर पर काम करना चाहिए.
केरलम में यूडीएफ के सामने खुद को मुख्य विकल्प के रूप में पेश कर रही बीजेपी के लिए ये घटनाक्रम किसी बड़े झटके से कम नहीं है. ईसाई और प्रतिष्ठित परिवारों से आने वाले इन चेहरों के जाने से बीजेपी के 'सोशल इंजीनियरिंग' और अल्पसंख्यक आउटरीच प्रोग्राम को गहरा धक्का लगा है. इस बिखराव का सीधा ठीकरा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के सिर फूट रहा है.
पद्मिनी थॉमस ने साफ कहा कि राज्य स्तर पर होने वाले कई फैसलों की उन्हें भनक तक नहीं लगती थी. राजीव चंद्रशेखर पर आरोप लग रहा है कि वे कॉर्पोरेट अंदाज में संगठन चलाना चाहते हैं, जबकि केरलम की राजनीति बेहद कैडर-आधारित और जमीनी संवाद मांगती है. वे न तो पुराने आरएसएस-बीजेपी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह संतुष्ट कर पा रहे हैं और न ही बाहर से आए नेताओं को सम्मानजनक जगह दे पा रहे हैं. बीजेपी के लिए ये आत्ममंथन का वक्त है कि सिर्फ बड़े नामों को पार्टी का पटका पहना देने से वोट बैंक और संगठन खड़ा नहीं होता.
Shesh Bharat: केरल में बीजेपी के 'मिशन साउथ' को बड़ा झटका, पद्मजा वेणुगोपाल का इस्तीफा, क्या कांग्रेस में होगी वापसी?
ADVERTISEMENT


