Shesh Bharat: कौन हैं IAS जे. ई. पद्मजा, जिनके मामले में घिर गए तमिलनाडु के CM विजय?

• 09:52 AM • 26 Nov 2026

तमिलनाडु में महिला आईएएस अधिकारी जे. ई. पद्मजा ने TVK विधायक अरुल विग्नेश पर अभद्र टिप्पणी और अश्लील संदेश भेजने के आरोप लगाए हैं. मामले में तीन महीने तक कार्रवाई नहीं होने पर विवाद बढ़ा. मद्रास हाईकोर्ट की सख्ती के बाद विधायक के खिलाफ FIR दर्ज हुई. अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी.

Shesh Bharat
Shesh Bharat
Google CTA

सत्ता के नशे में चूर एक माननीय और सिस्टम के आगे बेबस एक महिला आईएएस अधिकारी - तमिलनाडु की राजनीति इस वक्त एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां खुद मुख्यमंत्री विजय की सरकार कठघरे में है. जिस राज्य में एक जिला कलेक्टर को पूरे जिले की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी जाती है, वहां कल्लाकुरिची की कलेक्टर जे. ई. पद्मजा को अपनी ही गरिमा बचाने के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़ा और आखिरकार हाईकोर्ट को दखल देना पड़ा.

Read more!

TVK विधायक पर गंभीर आरोप

विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश पर लगे गंभीर आरोपों ने न केवल प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचाया है, बल्कि विजय की नई सरकार की कार्यशैली पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. आइए जानते हैं कि आखिर बंद दरवाजों के पीछे क्या हुआ था, कौन हैं कलेक्टर पद्मजा, कैसे एक आम युवक विधायक बना और क्यों अब विजय सरकार की नीयत पर उंगलियां उठ रही हैं.

क्या है कलेक्टर और विधायक के बीच पूरा विवाद?

यह पूरा मामला कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर आईएएस जे. ई. पद्मजा और TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश के बीच का है. कलेक्टर द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उनके पहनावे और रूप-रंग पर बेहद अभद्र टिप्पणियां की थीं. आरोप है कि विधायक ने कलेक्टर के निजी दायरे में दखल देने की कोशिश की और बाद में वॉट्सऐप के जरिए उन्हें अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भी भेजे. आरोप यह भी है कि विधायक नशे की हालत में कलेक्टर के सरकारी आवास तक पहुंच गए थे, हालांकि पुलिस शिकायत में घर में घुसने की बात शामिल नहीं है. वहीं, विधायक अरुल विग्नेश ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए इसे अपनी छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है.

कौन हैं IAS जे. ई. पद्मजा?

इस हाई-प्रोफाइल विवाद के केंद्र में रहीं 39 साल की जे. ई. पद्मजा 2017 बैच की तमिलनाडु कैडर की एक अनुभवी और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी हैं. 1987 में आंध्र प्रदेश में जन्मीं पद्मजा ने बायोटेक्नोलॉजी में एम.टेक (M.Tech) की डिग्री हासिल की है. साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने के बजाय उन्होंने सिविल सेवा को चुना और यूपीएससी (UPSC) पास कर आईएएस बनीं. अपने करीब नौ साल के प्रशासनिक सफर में उन्होंने कई अहम पद संभाले, लेकिन पहली बार जिला कलेक्टर बनते ही इतना बड़ा बवाल खड़ा हो गया.

मई 2026 में मिली कल्लाकुरिची की जिम्मेदारी

मई 2026 में उन्हें कल्लाकुरिची जिले की कमान सौंपी गई. उनके पति शेख अब्दुल रहमान भी तमिलनाडु कैडर के ही आईएएस अधिकारी हैं. कल्लाकुरिची की कलेक्टर बनने से ठीक पहले पद्मजा विल्लुपुरम में एडिशनल कलेक्टर के पद पर तैनात थीं, जहां संयोग से उनके पति शेख अब्दुल रहमान ही जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

निजी जिंदगी को रखती हैं गोपनीय

जिस आईएएस जे. ई. पद्मजा की इतनी चर्चा हो रही है, वह अपनी निजी जिंदगी में बेहद लो-प्रोफाइल रहती हैं. उन्होंने अपने और परिवार के बारे में जानकारी हमेशा गोपनीय रखी है, इसलिए उनके निजी जीवन के बारे में बहुत ज्यादा विवरण पब्लिक डोमेन में मौजूद नहीं है.

कौन हैं विधायक अरुल विग्नेश?

कल्लाकुरिची के ही रहने वाले 35 साल के विधायक चिन्नैया अरुल विग्नेश जिन विवादों में फंसे हैं, उसने उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचाया है. राजनीति में कदम रखते ही उनके बेदाग रिकॉर्ड पर आपराधिक दाग लग गया है, वह भी एक महिला आईएएस अधिकारी से उलझने पर. विग्नेश का सियासी सफर अभी शुरू ही हुआ है. हालांकि, वे अच्छे-खासे पढ़े-लिखे हैं और अपने दम पर राजनीति में यहां तक पहुंचे हैं. उन्होंने 2012 में तिरुचिरापल्ली के भारतीदासन विश्वविद्यालय से लाइफ साइंसेज में एम.एससी (M.Sc.) की डिग्री ली और राजनीति में आने से पहले अपना बिजनेस कर रहे थे.

कैसे बने विजय की पार्टी के विधायक?

जब एक्टर विजय ने TVK पार्टी बनाई, तो अरुल विग्नेश एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़ गए. बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के उन्हें टिकट भी मिल गया और विजय की लहर में वे कल्लाकुरिची सीट से चुनाव जीत गए. हालांकि, वे व्यक्तिगत रूप से विजय के करीब कैसे पहुंचे, इसकी कोई खास कहानी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है.

विजय सरकार पर क्यों उठ रहे सवाल?

इस पूरे घटनाक्रम ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार को बेहद असहज स्थिति में डाल दिया है. सारा विपक्ष महिला कलेक्टर के लिए ढाल बन गया है, क्योंकि आरोपों के घेरे में विजय की पार्टी का विधायक है. दावा है कि विधायक की हरकतों से तंग आकर कलेक्टर पद्मजा ने तीन महीने पहले ही राज्य के मुख्य सचिव को मौखिक रूप से इस बदसलूकी की जानकारी दे दी थी. इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और मुख्यमंत्री विजय ने विधायक को महज मौखिक चेतावनी देकर छोड़ दिया. हद तो तब हो गई, जब विवाद बढ़ने पर राज्य के कानून मंत्री ने इन गंभीर आरोपों को महज 'वॉट्सऐप फॉरवर्ड' बताकर पल्ला झाड़ लिया. अब विपक्ष सवाल पूछ रहा है कि जिस राज्य में एक वरिष्ठ महिला आईएएस की शिकायत को तीन महीने तक ठंडे बस्ते में डाला जा सकता है, वहां आम महिलाओं की सुरक्षा की क्या गारंटी है?

जस्टिस एल. विक्टोरिया गौरी ने उठाए सवाल

इस पूरे विवाद को सबसे बड़ा मोड़ तब मिला, जब मद्रास हाईकोर्ट की जस्टिस एल. विक्टोरिया गौरी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के मंच से सीधे तौर पर विजय सरकार और राज्य पुलिस की निष्क्रियता की पोल खोल दी. मदुरै में 'कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न' के खिलाफ आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जस्टिस गौरी ने बिना किसी हिचक के इस मामले का उदाहरण दिया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "कल्लाकुरिची की मौजूदा जिला कलेक्टर को एक सिटिंग विधायक अश्लील संदेश भेजता है, क्या यह कार्यस्थल पर उत्पीड़न (Workplace Harassment) नहीं है? कलेक्टर के पति ने इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन इस राज्य सरकार के अधीन काम करने वाली पुलिस आज तक हाथ पर हाथ धरे बैठी है और पूरी तरह खामोश है."

हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद सरकार बैकफुट पर

एक सिटिंग हाईकोर्ट जज द्वारा सार्वजनिक मंच से सरकार के दावों की हवा निकालने और पुलिस की चुप्पी पर उंगली उठाने से मुख्यमंत्री विजय की सरकार पूरी तरह बैकफुट पर आ गई. इसके बाद विपक्ष ने भी हमला तेज कर दिया और अदालत में मामले की सुनवाई शुरू हुई.

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

जब यह मामला मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उछला, तो राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के डीजीपी से जवाब तलब किया. उधर, मद्रास हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने पहले यह दलील दी कि कलेक्टर की तरफ से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इस पर अदालत ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए जज को सीधे कलेक्टर से बात कर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया. कोर्ट की इस सख्ती के बाद, 23 नवंबर को कलेक्टर पद्मजा ने कल्लाकुरिची एसपी को लिखित शिकायत सौंपी.

विधायक के खिलाफ FIR दर्ज, जांच के आदेश

इसके तुरंत बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 78, 79 और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम के तहत विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाते हुए पूछा कि क्या प्रशासन किसी को बचाने की कोशिश कर रहा है? कोर्ट ने महिला कलेक्टर की पहचान गोपनीय रखने का आदेश देते हुए तिरुपुर की एसपी सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया है, साथ ही वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच और POSH एक्ट के तहत कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

 27 नवंबर को अगली सुनवाई, विजय सरकार की अग्निपरीक्षा

इतना सब होने के बावजूद न तो TVK पार्टी ने और न ही सरकार ने विधायक विग्नेश के खिलाफ अभी तक कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. फिलहाल पुलिस ने विधायक अरुल विग्नेश के घर पहुंचकर उनसे लंबी पूछताछ की है. अब सबकी निगाहें 27 नवंबर को मद्रास हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं. एक ओर विपक्ष विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर यह मामला मुख्यमंत्री विजय के लिए सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा बन गया है कि वे अपनी पार्टी के नेता को बचाते हैं या महिला अधिकारी और न्याय का साथ देते हैं.