Shesh Bharat: सम्मान या तूफान का डर...थलापति की 'जन नायकन' के आगे 5 बड़ी फिल्मों ने खींचे कदम

रूपक प्रियदर्शी

• 09:45 AM • 22 Jul 2026

थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज के लिए तमिलनाडु की पूरी फिल्म इंडस्ट्री ने अपनी 4-5 फिल्मों की रिलीज टाल दी है. Z+ सुरक्षा और राज्य के मुख्यमंत्री होने के बावजूद, विजय की यह 69वीं फिल्म 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर एक साथ रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है.

Thalapathy Vijay
Thalapathy Vijay
Google CTA

अगले 24 घंटे में बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसा तूफान आने वाला है जिसके आगे पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री ने घुटने टेक दिए हैं. पता नहीं थलापति के सम्मान में या उनकी आखिरी फिल्म के तूफान से डर कर... थलापति विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जन नायकन' सेंसर बोर्ड और कोर्ट की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद कल फाइनली रिलीज हो रही है.

Read more!

'जन नायकन' की रिलीज के लिए टलीं 4-5 फिल्में

सीएम विजय ने तो अपनी फेयरवेल फिल्म का कोई फेयरवेल नहीं बनाया, लेकिन इंडस्ट्री उनके फेयरवेल के लिए बड़ी कुर्बानी दे रही है. तमिलनाडु के इस सुपरस्टार के आखिरी सिनेमाई सफर को यादगार बनाने के लिए पूरी फिल्म इंडस्ट्री एकजुट हो गई है. कम से कम चार-पांच फिल्मों की रिलीज 'जन नायकन' की रिलीज के कारण टाली गई है. बिना किसी विवाद के मेकर्स का खुद अपनी फिल्में पीछे हटाना थलापति विजय के उस रुतबे को दिखाता है, जो उन्होंने पिछले 30 सालों में कमाया है.

जीवी प्रकाश और लोकेश कनकराज की फिल्मों की डेट्स आगे बढ़ीं

थलापति विजय के सम्मान में और बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए अब तक 4 से 5 बड़े फिल्म मेकर्स ने अपनी फिल्मों की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया है. थलापति के सम्मान में रास्ता छोड़ने वालों में सबसे पहला नाम आया एक्टर और मशहूर संगीतकार जीवी प्रकाश कुमार का. उनकी सुपरनेचुरल हॉरर-थ्रिलर फिल्म 'इम्मोर्टल' (Immortal) पहले 23 जुलाई को ही रिलीज होने वाली थी. लेकिन थलापति के लिए उन्होंने फिल्म को सीधे 4 सितंबर तक के लिए टाल दिया. जीवी प्रकाश ने सोशल मीडिया पर भावुक ट्वीट करते हुए लिखा, "थलापति आ रहे हैं, तो हमें रास्ता देना ही होगा... वो भी इस आखिरी बार के लिए."

सन पिक्चर्स की फिल्म 'DC' की रिलीज टली

सिर्फ 'इम्मोर्टल' ही नहीं, तमिल सिनेमा के ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर लोकेश कनकराज बतौर लीड एक्टर जिस फिल्म से अपना एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं, उस फिल्म 'DC' को भी पोस्टपोन कर दिया गया है. सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही अरुण माथेश्वरन की यह एक्शन-ड्रामा फिल्म पहले 31 जुलाई को आने वाली थी, लेकिन अब इसे 7 अगस्त के लिए शेड्यूल किया गया है ताकि 'जन नायकन' को बॉक्स ऑफिस पर खुला मैदान मिल सके.

अनिश्चितकाल के लिए टलीं 'द डार्क हेवन' और 'GDN'

थलापति विजय के इस क्रेज के आगे दो और फिल्मों ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं. बालाजी के निर्देशन में बनी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'द डार्क हेवन' (The Dark Heaven) और आर. माधवन की फिल्म 'GDN', जो जुलाई में रिलीज होने की कतार में थीं, उन्होंने भी क्लैश से बचने के लिए अपनी रिलीज को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है. कहा जा रहा है कि विजय के बेटे जेसन संजय जो कि सिग्मा के साथ डेब्यू कर रहे हैं, उन्होंने भी अपनी रिलीज पोस्टपोन कर दी है.

दुनियाभर में 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर ग्रैंड रिलीज

तमिल सिनेमा के लिए 'जन नायकन' सिर्फ एक रिलीज नहीं, बल्कि तमिल सिनेमा का एक ऐतिहासिक पल है. राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) बनाने के बाद, थलापति विजय के एक्टिंग करियर की यह आखिरी फिल्म है. एच. विनोथ के निर्देशन में बनी 'जन नायकन' को पैन-इंडिया (Pan-India) लेवल पर बहुत ही ग्रैंड स्केल पर रिलीज किया जा रहा है. तमिल के साथ-साथ तेलुगु, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम में एक साथ रिलीज किया जाएगा. तमिलनाडु की लगभग 90% से ज्यादा स्क्रीन्स अकेले इस फिल्म को दी जा रही हैं. भारत और ओवरसीज को मिलाकर इसे रिकॉर्ड 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर उतारने की तैयारी है. केवीएन प्रोडक्शंस के तहत बनी इस फिल्म में विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और ममिता बैजू जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे.

पद पर रहते CM कर रहे फिल्म का प्रमोशन

विजय ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) के साथ चुनावी मैदान में उतरकर बड़ी जीत हासिल की और तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री (Chief Minister) बन चुके हैं. भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब कोई व्यक्ति राज्य का 'सिटिंग चीफ मिनिस्टर' रहते हुए अपनी फिल्म का प्रमोशन कर रहा है. फिल्म के नए पोस्टर्स पर अब 'थलापति विजय' की जगह "माननीय मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय" लिखा गया है.

सिनेमा जगत को अलविदा, 69वीं फिल्म ही आखिरी

विजय ने राजनीति और जनता की सेवा में पूरी तरह समर्पित होने के लिए सिनेमा जगत को हमेशा के लिए अलविदा कहने का साहसिक फैसला लिया है. 'जन नायकन' उनके एक्टिंग करियर की 69वीं और आखिरी फिल्म है. उन्होंने साफ कर दिया है कि इस फिल्म के बाद वे कोई और स्क्रिप्ट साइन नहीं करेंगे.

सेंसर बोर्ड के साथ लंबी कानूनी लड़ाई और 12 कट्स

'जन नायकन' फिल्म को थिएटर्स तक लाने के लिए विजय और उनकी टीम ने सरकार और सेंसर बोर्ड के साथ एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी है. विजय के राजनीति में उतरने के बाद सेंसर बोर्ड ने चुनाव से पहले फिल्म की रिलीज रोकने के लिए क्या कुछ नहीं किया. विजय बस इतना कह कर शांत रहे कि "तुम मुझे चुप करा सकते हो, लेकिन हर विजय को नहीं." 4 मई को विजय ने तमिलनाडु की राजनीति पलटी तो 12 Cuts और 'A' सर्टिफिकेट के साथ फिल्म को अब 23 जुलाई को रिलीज की मंजूरी मिली है.

फिल्म के जरिए राजनीतिक विचारधारा और सीधा संदेश

विजय ने इस फिल्म को सिर्फ एक कमर्शियल फिल्म नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का जरिया बनाया है. फिल्म में वे एक पूर्व पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं जो आम जनता और सामाजिक न्याय के लिए लड़ता है. फिल्म के इंटरवल में उनका एक डायलॉग है "I am coming" (मैं आ रहा हूँ), जिसे उनके राजनीति में आने और जनता के बीच उतरने के सीधे संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

बिना किसी जश्न के क्रू को बेहद सादगी से अलविदा

अपनी 30 साल से ज्यादा लंबी ब्लॉकबस्टर फिल्मी यात्रा के समापन पर विजय ने कोई भी भव्य फेयरवेल या जश्न मनाने से साफ मना कर दिया. जब फिल्म की शूटिंग पूरी हुई, तो उन्होंने बेहद सादगी से क्रू को अलविदा कहा. उनका पूरा फोकस राजनीति और चुनाव जीतने पर था.

Z+ सुरक्षा के चलते पब्लिक थिएटर में जाना मुश्किल

सवाल ये है कि क्या विजय खुद किसी थिएटर में जाकर फिल्म देखेंगे? विजय इस समय तमिलनाडु के सीएम हैं, उनकी सुरक्षा का स्तर बेहद कड़ा (Z+ कैटेगरी या स्पेशल प्रोटोकॉल) हो चुका है. अगर वे किसी भी आम थिएटर में फिल्म देखने जाते हैं, तो वहां भारी भीड़ और भगदड़ मचने की आशंका रहेगी. सरकारी और सुरक्षा कारणों से उनका पब्लिक प्लेस पर जाना मुमकिन नहीं माना जा रहा है. हो सकता है कि विजय के लिए कोई स्पेशल स्क्रीनिंग घर या किसी और जगह पर हो जहां भीड़ न जुटे.

थिएटर्स में अब रोजाना 5 शोज़ चलाने का नियम

विजय के सीएम रहते रिलीज हो रही फिल्म को हिट बनाने के लिए सरकारी लेवल पर कुछ हो नहीं सकता, लेकिन सीएम बनने के बाद उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया जिसने बाकी फिल्मों के भी रास्ते खोल दिए.

तमिलनाडु सिनेमा (रेगुलेशन) रूल्स, 1957 के तहत राज्य के सिनेमाघरों में सामान्य दिनों में केवल 4 शोज़ प्रतिदिन दिखाने की अनुमति थी. पांचवें (स्पेशल) शो के लिए केवल त्योहारों या सरकारी छुट्टियों पर ही जिला कलेक्टर या पुलिस कमिश्नर से विशेष अनुमति लेनी पड़ती थी. विजय की सरकार ने नियमों में बड़ा संशोधन करते हुए अब सभी नई फिल्मों के लिए रिलीज के पहले 7 दिनों तक प्रतिदिन 5 शोज़ चलाने की स्थायी अनुमति दे दी है. इसका सीधा फायदा 'जन नायकन' को मिलेगा, जो अपने ओपनिंग वीक में हर थिएटर में रोजाना 5 शोज़ के साथ बंपर कमाई कर सकेगी.

अर्ली मॉर्निंग शोज़ पर पाबंदी और 'A' सर्टिफिकेट की सख्ती

सरकार ने सुबह 4:00 बजे या 5:00 बजे वाले अर्ली मॉर्निंग शोज़ (FDFS) पर सुरक्षा कारणों से पाबंदी बरकरार रखी है. नियम के मुताबिक, तमिलनाडु में फिल्म का पहला शो सुबह 8:40 AM से 9:00 AM के बीच ही शुरू हो सकेगा, जबकि कर्नाटक और केरल जैसे पड़ोसी राज्यों में यह सुबह 5:00 या 6:00 बजे से ही शुरू हो जाएगा.

चूंकि 'जन नायकन' को सेंसर बोर्ड से 'A' (Adults Only) सर्टिफिकेट मिला है, इसलिए सरकार ने सिनेमाघरों को कड़े निर्देश दिए हैं कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों/नाबालिगों को थिएटर के अंदर एंट्री बिल्कुल न दी जाए. ब्लैक में टिकट बेचने का तो सवाल ही नहीं.

32 साल का बेमिसाल सफर और 'एकमात्र थलापति'

थलापति विजय का 32 साल लंबा फिल्मी सफर भारतीय सिनेमा के सबसे शानदार और ब्लॉकबस्टर चैप्टर्स में से एक है. साल 1992 में बतौर लीड एक्टर फिल्म 'नालय्या थीरपू' (Naalaya Theerpu) से अपने करियर की शुरुआत करने वाले विजय ने अपनी 69 फिल्मों के सफर में रोमांटिक हीरो से लेकर मास-एक्शन सुपरस्टार और फिर 'जननायकन' बनने तक का सफर तय किया.

शुरुआती दौर में 'पूवे उनक्कागा' और 'काधलुकू मरियाधाई' जैसी फिल्मों से उन्होंने घरेलू दर्शकों और महिलाओं के दिलों में जगह बनाई, तो वहीं साल 2003 की ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर 'घिल्ली' (Ghilli) ने उन्हें तमिल सिनेमा का सबसे बड़ा मास हीरो बना दिया. इसके बाद 'पोक्किरी', 'तुपक्की', 'कत्थी', 'मर्सल' और 'लियो' जैसी एक से बढ़कर एक मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए और 100, 200 और 300 करोड़ क्लब के बेताज बादशाह बने.

'जन नायकन' (Jana Nayagan) के रूप में उनकी 69वीं और आखिरी फिल्म (The Last Dance) उनके इस बेमिसाल सिनेमाई सफर का अंतिम पड़ाव है, जिसके बाद वे अपने करोड़ों फैंस की यादों में हमेशा के लिए बॉक्स ऑफिस के 'एकमात्र थलापति' के रूप में दर्ज हो जाएंगे.