ड्राइवर से पर्सनल असिस्टेंट और अब बेटे को मिला विधानसभा का टिकट, जानें थलापति विजय और सबरीनाथन के रिश्ते की कहानी

Thalapathy Vijay politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में विजय थलापति ने अपने पूर्व ड्राइवर के बेटे सबरीनाथन को टिकट देकर राजनीति में भरोसे और रिश्तों की मिसाल पेश की है. मंच पर भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सबरीनाथन और उनके पिता की आंखों से आंसू छलक पड़े. जानिए ड्राइवर से पीए और अब विधायक उम्मीदवार बनने तक की पूरी कहानी.

Thalapathy Vijay politics
Thalapathy Vijay politics

राजू झा

follow google news

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के रण में इस समय एक ऐसी वीडियो की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, जिसने राजनीति में रिश्तों और भरोसे की एक नई मिसाल पेश की है. तमिल सुपरस्टार और टीवी (TVK) प्रमुख विजय थलापति ने 29 मार्च को जब अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, तो मंच पर एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला. विजय ने अपनी पार्टी की ओर से विरुगंबाक्कम सीट से सबरीनाथन को उम्मीदवार बनाया है, जिनके पिता राजेंद्रन कभी विजय के ड्राइवर हुआ करते थे.

Read more!

मंच पर छलके आंसू, विजय ने गले लगाया

जैसे ही सबरीनाथन के नाम की घोषणा हुई, वे और उनके पिता राजेंद्रन अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और मंच पर ही रोने लगे. सबरीनाथन ने भावुक होकर विजय थलापति के पैर छुए, जिसके बाद विजय ने उन्हें गले से लगा लिया और खुद आगे बढ़कर उनके आंसू पोंछे. यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसे विजय थलापति की 'जमीनी राजनीति' से जोड़कर देखा जा रहा है.

ड्राइवर से पीए और अब उम्मीदवार तक का सफर

राजेंद्रन लंबे समय तक विजय थलापति के ड्राइवर के रूप में कार्यरत रहे. उनकी निष्ठा और अटूट भरोसे को देखते हुए विजय ने बाद में उन्हें अपना पर्सनल असिस्टेंट (PA) बना लिया था. जब विजय ने राजनीति में कदम रखा, तो सबरीनाथन शुरू से ही उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते रहे. इसी वफादारी और स्थानीय स्तर पर पकड़ को देखते हुए विजय ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है.

युवाओं के लिए 'विजय गारंटी' और बड़े वादे

उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान विजय थलापति ने जनता, विशेषकर शिक्षित युवाओं और महिलाओं के लिए कई बड़े वादे किए. उन्होंने घोषणा की है कि उनकी सरकार बनने पर कक्षा 12वीं से पीएचडी तक की पढ़ाई के लिए बिना किसी गारंटी के 5 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा. इसके अलावा, उन्होंने तमिलनाडु को नशा मुक्त बनाने और युवाओं के लिए विशेष रोजगार एजेंडे पर अपनी 'गारंटी' भी दी है.

234 सीटों पर दांव, त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

विजय थलापति की पार्टी टीवी ने तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. राज्य में पारंपरिक रूप से डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) के बीच मुकाबला रहता है, लेकिन विजय के मैदान में उतरने से अब मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है. विजय खुद चेन्नई की पंबूर और तिरुचिरापल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. राज्य के करीब 5 करोड़ वोटर्स, जिनमें 2.8 करोड़ महिला वोटर्स हैं, 23 अप्रैल को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और नतीजों की घोषणा 4 मई को होगी.

तमिलनाडु: DMK ने जारी किया घोषणापत्र, महिलाओं को 8000 के कूपन देने का वादा, बताई इसके पीछे की ये वजह

    follow google news