'भगवान माफ नहीं करेगा, कल बीजेपी सरकार नहीं रही तो...' ममता का कथित ऑडियो वायरल, मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुरक्षा में चूक का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है.

Abhishek Banerjee
Abhishek Banerjee

तपस सेनगुप्ता

follow google news

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है. सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. शनिवार को एक रैली के दौरान उग्र भीड़ ने अभिषेक बनर्जी पर जमकर पथराव किया और अंडे फेंके. सुरक्षाकर्मियों ने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए अभिषेक को हेलमेट पहनाया और सुरक्षित बाहर निकाला. इस हमले में उन्हें चोटें आई हैं.

Read more!

वायरल ऑडियो , ममता ने अस्पताल के CEO को चेताया

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में मुख्यमंत्री बेहद गुस्से में बैले व्यू अस्पताल के सीईओ मिस्टर टंडन को बांग्ला और अंग्रेजी में खरी-खोटी सुनाती नजर आ रही हैं.

ममता बनर्जी ने कहा, "भगवान आपको कभी माफ नहीं करेगा. आप लोगों को गुमराह कर रहे हैं, आपको शर्म आनी चाहिए. आज केंद्र में बीजेपी की सरकार है, इसलिए आप ऐसा कर रहे हैं. कल जब केंद्र में उनकी सरकार नहीं रहेगी, तब हम देख लेंगे."

डिस्चार्ज पर उठाए सवाल, घर में ही चलेगा इलाज

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अस्पताल प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने पूछा कि अगर अभिषेक की चोट गंभीर नहीं थी तो उन्हें पहले आईटीयू (ITU) में क्यों रखा गया? और अगर वह गंभीर थे, तो अचानक किसके दबाव में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया?

ममता ने दावा किया कि अभिषेक के शरीर में खून के थक्के (Blood Clots) जमे हैं. अगर उन्होंने हेलमेट न पहना होता तो उनकी जान भी जा सकती थी. अब अभिषेक का इलाज घर पर ही जरूरी उपकरणों और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ किया जाएगा.

राहुल-अखिलेश ने जताई चिंता, सीआईडी को बताया डरपोक

ममता बनर्जी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और स्थानीय नेताओं पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस घटना को 'लोकतंत्र की हत्या' करार देते हुए स्थानीय सीआईडी (CID) को डरपोक कहा. ममता ने यह भी बताया कि देश के बड़े नेताओं ने फोन कर अभिषेक का हाल जाना है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिषेक को इलाज के लिए हैदराबाद ले जाने की सलाह दी है, जबकि अखिलेश यादव और कपिल सिब्बल ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है.

सोनारपुर में थे बाहरी लोग, टीएमसी करेगी बड़ा आंदोलन

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सोनारपुर में पुलिस को पहले ही सूचना दे दी गई थी, लेकिन वहां जानबूझकर बाहरी लोगों की भीड़ जुटाई गई. बीजेपी आज डॉक्टरों और अस्पतालों को डरा रही है. इस घटना के विरोध में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने राज्यव्यापी प्रदर्शन शुरू कर दिया है. खुद ममता बनर्जी सोमवार को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर इस सुरक्षा चूक और तानाशाही के खिलाफ धरने पर बैठेंगी.

    follow google news