पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को अपना बजट पेश किया. बजट पेश करते हुए राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने युवाओं को चुनाव से पहले बड़ा तोहफा देने का ऐलान कर दिया. सरकार 21-40 साल की उम्र के बेरोजगार युवाओं को सौगात देने जा रही है. 'बांग्लार युवा साथी' योजना के तहत नौकरी मिलने या अधिकतम 5 सालों तक 1500 रुपए महीने का भत्ता देने का ऐलान किया गया है.
ADVERTISEMENT
पश्चिम बंगाल सरकार ने चुनाव से ऐन पहले लोक लुभावन बजट पेश करते हुए महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को साधने की कोशिश की है. 2021 विधानसभा चुनाव से पहले फ्लैगशिप योजना लक्ष्मी भंडार की राशि बढ़ाने से लेकर बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपए महीना देने की घोषणा की गई है. पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.06 लाख करोड़ रुपये का अंतरिम बजट पेश किया, जिसमें लक्ष्मी भंडार योजना के तहत महिला लाभार्थियों के लिए हर महीने 500 रुपये अतिरिक्त देने का प्रस्ताव है. पहले महिलाओं को हर महीने इस स्कीम के तहत 1000 रुपए मिलते थे.
इस महीने से मिलेंगे 500 रुपए ज्यादा
सरकार ने विधानसभा में कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना के तहत, महिला लाभार्थियों को फरवरी 2026 से हर महीने 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. प्रस्तावित बजट के तहत, गिग वर्कर्स को राज्य सरकार की मौजूदा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे स्वास्थ्य साथी में शामिल किया जाएगा.
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का बढ़ा भत्ता
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के भत्ते में भी 1000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. साथ ही बजट में उनकी मृत्यु होने पर परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी वादा किया गया है. इसके लिए कुल 280 करोड़ रुपये का आबंटन किया गया है. अंतरिम बजट में सिविक वॉलंटियर्स और ग्रीन पुलिस कर्मियों के लिए 1,000 रुपये मासिक वेतन वृद्धि की भी घोषणा की गई, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है.
सरकारी कर्मचारियों का भी बजट में ख्याल रखा गया है. राज्य ने महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है. ये स्टाफ यूनियनों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी. हालांकि इस बजट के ठीक बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि बीजेपी ने भी बिहार चुनाव से पहले 10 हजार रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में रुपये के बदले बुलडोजर दिया. बीजेपी वादा पूरा नहीं करती पर हम वादा निभाते हैं. इस बजट में माइनॉरिटी अफेयर्स डिपार्टमेंट के लिए कुल 5700 करोड़ रुपये का एलोकेशन किया गया है और उत्तर बंगाल के लिए 920 करोड़ रुपये दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें:
Shesh Bharat: अब नहीं तो कभी नहीं! 2026 में बंगाल फतह के लिए BJP का नया प्लान
ADVERTISEMENT

