चार दशक में 40 साल होते हैं. और इतने ही 40 सालों तक वी. विजय साईं रेड्डी ने आंध्र प्रदेश की राजनीति में अपनी अहम भूमिका निभाई. कभी कोई पार्टी नहीं बनाई, कभी सीएम बनने की रेस में नहीं रहे, लेकिन आधी उम्र राजनीतिक दांव-पेचों में गुजार दी. किस्म-किस्म के नेताओं के साथ निष्ठा निभाई, लेकिन निष्ठा की आखिरी पारी वाईएसआरसीपी के जगन मोहन रेड्डी के लिए खेली.
ADVERTISEMENT
जगन रेड्डी के राजनीतिक उभार से पतन तक साथ रहे विजय साईं
जगन रेड्डी की राजनीति वैसे 20 साल पुरानी है, लेकिन मौजूदा जगन रेड्डी करीब 10 साल की राजनीति से बने हैं. जगन रेड्डी के राजनीतिक उभार से लेकर पतन तक वी. विजय साईं रेड्डी साए की तरह रहे. उन्हें पार्टी का नंबर-2 और चाणक्य भी कहा गया, लेकिन आज दौर ऐसा बदला कि वही विजय साईं रेड्डी जगन के सामने चुनौती बनकर खड़े हो गए हैं.
11 नवंबर को नई पार्टी लॉन्च कर चौंकाया
11 नवंबर, महीना 11 और वक्त ठीक सुबह 11 बजकर 11 मिनट. इसी खास संयोग पर विजयवाड़ा में विजय साईं रेड्डी ने अपनी नई पार्टी का शंखनाद कर आंध्र की राजनीति को झकझोर दिया है. आंध्र प्रदेश की राजनीति में 11 नवंबर 2026 को वो हो गया, जिसकी कल्पना कुछ साल पहले तक कोई नहीं कर सकता था. जिसे वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी का सबसे बड़ा राजदार, सबसे भरोसेमंद रणनीतिकार और पार्टी का 'नंबर-2' कहा जाता था, आज उसी ने जगन के खिलाफ राजनीतिक बिगुल फूंक दिया है. नई पार्टी के साथ विजय साईं रेड्डी ने एक नए तीसरे विकल्प का ऐलान करते हुए 2029 के विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 175 सीटों पर चुनाव लड़ने का बिगुल फूंक दिया है.
बालासाहेब ठाकरे को क्यों मानते हैं अपना आदर्श?
विजय साईं की नई-नई राजनीति में एक दिलचस्प एंगल जुड़ा है बालासाहेब ठाकरे और कांशीराम का. बालासाहेब आज नहीं हैं, लेकिन उनकी राजनीतिक विरासत को लेकर महाराष्ट्र में आज भी जंग चल रही है. यह थोड़ा हैरान करने वाला है कि उनका एक प्रशंसक आंध्र प्रदेश में भी है, जिसने नई पार्टी की बुनियाद बालासाहेब ठाकरे का नाम लेकर रखी है. विजय साईं रेड्डी ने अपनी नई पार्टी के लॉन्च के मौके पर बालासाहेब ठाकरे का नाम यह समझाने के लिए लिया कि वे पार्टी में किस तरह की भूमिका निभाएंगे. जिस तरह बालासाहेब ठाकरे ने कभी खुद मुख्यमंत्री या किसी सरकारी पद की कुर्सी नहीं संभाली, उसी तरह विजय साईं रेड्डी ने भी साफ किया है कि वे या उनके परिवार का कोई भी सदस्य 2029 के चुनाव में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं होगा.
खुद सत्ता में नहीं, मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे
विजय साईं की थ्योरी के मुताबिक, बालासाहेब ठाकरे ने जीवन भर शिवसेना के प्रमुख और मार्गदर्शक (Mentor) के रूप में काम किया और अपने चुने हुए नेताओं को सत्ता की कमान सौंपी. विजय साईं रेड्डी भी 'परिवर्तन राजनीति पार्टी' (PRP) में एक संरक्षक या मार्गदर्शक की तरह रहकर संगठन चलाने की बात कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनका मकसद खुद सत्ता भोगना नहीं है, बल्कि सभी समुदायों के युवाओं और Gen-Z नेताओं को तैयार कर उन्हें सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाना है.
कांशीराम को भी बनाया दूसरा आदर्श
दूसरा आदर्श बनाया बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संस्थापक कांशीराम को. विजय साईं रेड्डी ने कहा कि जिस तरह कांशीराम ने खुद मुख्यमंत्री या सत्ता की कुर्सी संभालने के बजाय वंचित वर्गों से नए नेताओं को तैयार कर उन्हें सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाया, ठीक उसी तरह वे भी 'परिवर्तन राजनीति पार्टी' (PRP) में एक मार्गदर्शक (Mentor) की भूमिका निभाएंगे. लक्ष्य कांशीराम के मॉडल की तर्ज पर सभी समुदायों के युवाओं और नए चेहरों को आगे लाकर एक मजबूत नेतृत्व तैयार करना है. यह सब कितना कारगर होगा, वो तो 2029 में ही पता चलेगा, लेकिन तब तक आंध्र के लिए विजय साईं का यह आइडिया नया भी है और दिलचस्प भी.
क्या है परिवर्तन राजनीति पार्टी का एजेंडा?
विजय साईं रेड्डी ने अपनी नई पार्टी का नाम 'परिवर्तन राजनीति पार्टी' (PRP) रखा है, जिसका सीधा संदेश आंध्र प्रदेश की मौजूदा राजनीति में बड़ा बदलाव लाना है. पार्टी के झंडे और प्रतीक चिह्न (Logo) को "राष्ट्र के लिए, धर्म के लिए" की थीम पर तैयार किया गया है. इसमें ऊपर भगवा रंग, नीचे सफेद रंग और ठीक बीच में 'धर्म चक्र' स्थापित है. पार्टी की मुख्य थीम परिवारवाद की राजनीति को खत्म कर युवाओं और योग्यता आधारित नेतृत्व को आगे बढ़ाना है.
आखिर जगन रेड्डी का साथ छोड़ने की वजह क्या रही?
आखिर चार दशकों तक वाईएसआर परिवार की ढाल बनकर खड़े रहने वाले इस नेता ने जगन का साथ क्यों छोड़ा? टीडीपी, बीजेपी, कांग्रेस या जनसेना जैसी स्थापित पार्टियों में जाने के बजाय अपनी खुद की पार्टी क्यों बनाई?
नेल्लोर से शुरू हुआ विजय साईं रेड्डी का सफर
वेनुम्बका विजय साईं रेड्डी का जन्म 1 जुलाई 1957 को नेल्लोर जिले के तल्लापुडी गांव में हुआ. उनके पिता वी. सुंदररामी रेड्डी खेती-किसानी करते थे, लेकिन विजय साईं ने अपनी राह चुनी. बी.कॉम के बाद 1986 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बने. मेहनत करते-करते एक दिन इतने बड़े सीए बने कि चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में अपनी बड़ी सीए फर्म V S Reddy SP & Associates खड़ी कर दी. राजनीति में भी विजय साईं रेड्डी की पहचान भीड़ और वोट जुटाने वाले नेता से कहीं ज्यादा काबिल चार्टर्ड अकाउंटेंट की बनी. सीए वाली इसी काबिलियत ने उन्हें आंध्र के टॉप लीडर्स में ला खड़ा किया.
1980 में वाईएसआर परिवार से जुड़ा रिश्ता
ऐसा नहीं कि विजय साईं रेड्डी जगन रेड्डी के अचानक चाणक्य बन गए. जगन रेड्डी के पिता वाई.एस. राजशेखर रेड्डी कांग्रेस के दिग्गज नेता और सीएम रहे. जगन रेड्डी ने खुद को पिता की राजनीतिक विरासत से बड़ा नहीं बनाया, बल्कि पिता के निधन के बाद अलग जनाधार बनाकर वाईएसआरसीपी बनाई. जगन को विरासत में पिता से सत्ता नहीं मिली, लेकिन विरासत में विजय साईं मिले थे. विजय साईं रेड्डी का वाईएसआर परिवार से रिश्ता साल 1980 में जुड़ा था, जब वे वाई.एस. राजशेखर रेड्डी (YSR) के संपर्क में आए. वे रेड्डी परिवार के ऑडिटर और फाइनेंशियल एडवाइजर बन गए. सितंबर 2009 में हेलिकॉप्टर क्रैश में वाईएसआर के निधन के बाद जब जगन मोहन रेड्डी राजनीतिक संकट में घिरे, तो विजय साईं रेड्डी चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे.
जगन के लिए संभाला बिजनेस और पार्टी संगठन
उन्होंने जगन को परिवार के बिजनेस को संभालने और वाईएसआर कांग्रेस (YSRCP) का संगठन खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई. इनाम में जगन ने विजय साईं को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया. सीएम रहते हुए उन्हें दिल्ली में आंध्र सरकार का विशेष प्रतिनिधि बनाया. जून 2016 से जनवरी 2025 तक दो बार राज्यसभा सांसद बनाया. जगन के साथ निष्ठा निभाते हुए उन्हें सीबीआई (CBI) और ईडी (ED) के मामलों और कानूनी लड़ाइयों का भी सामना करना पड़ा.
2024 की हार के बाद रिश्तों में आई दरार
2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में वाईएसआरसीपी की करारी हार के बाद दोनों के रिश्तों में दरार पड़ने लगी. जनवरी 2025 में विजय साईं रेड्डी ने निजी कारणों का हवाला देते हुए राज्यसभा और पार्टी से अचानक इस्तीफा दे दिया और राजनीति से संन्यास लेने की बात कही. हालांकि, पर्दे के पीछे की कड़वाहट तब खुलकर सामने आई, जब The Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 में जगन ने कथित शराब घोटाले की जांच को लेकर उन पर चंद्रबाबू नायडू के सामने झुकने का आरोप लगाया. पार्टी लॉन्च से ठीक पहले मीडिया इंटरव्यू में विजय साईं रेड्डी ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर उनका लगातार अपमान किया गया और उन्हें बाहर जाने के लिए मजबूर किया गया.
बीजेपी से नजदीकी और कांग्रेस के खालीपन पर नजर
दिल्ली की राजनीति में जगन रेड्डी हमेशा प्रो-बीजेपी रहे. इस नाते विजय साईं भी बीजेपी के करीब होते गए. बड़ी अटकलें थीं कि जगन को छोड़कर वे बीजेपी, टीडीपी या जनसेना में जा सकते हैं, लेकिन विजय साईं राजनीति से संन्यास का ऐलान करते हुए पार्टी से अलग हुए और अब करीब दो साल बाद नई पार्टी लेकर सामने आ चुके हैं. विजय साईं रेड्डी की नजर आंध्र में कांग्रेस का खालीपन भरने पर है. आंध्र में कांग्रेस बेहद कमजोर हो चुकी है. विजय साईं रेड्डी की नजर कांग्रेस के निराश कार्यकर्ताओं और दिवंगत वाईएसआर के पुराने समर्थकों को अपनी ओर खींचने पर है. उन्होंने प्रण लिया है कि आंध्र में दो परिवारों की राजनीति खत्म करेंगे और युवाओं तथा Gen-Z को मौका देंगे.
2029 में होगी विजय साईं रेड्डी के परिवर्तन की परीक्षा
जो विजय साईं कल तक जगन मोहन रेड्डी की हर चुनावी रणनीति बनाते थे, आज वही उनके वोट बैंक में सबसे बड़ी सेंध लगाने की तैयारी में हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि 2029 में विजय साईं रेड्डी का यह 'परिवर्तन' आंध्र की सियासत को कितना बदलता है.
ADVERTISEMENT


