राहुल गांधी का 'सत्याग्रह' पोर्टल क्या है? जानिए कैसे आपकी समस्या सीधे पहुंचेगी संसद तक?

न्यूज तक डेस्क

• 12:18 PM • 03 Oct 2026

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नाम से डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है. इसका मकसद देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की कहानियों को एक नक्शे पर दिखाना है.

Google CTA

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नाम से एक डिजिटल पोर्टल शुरू किया है. इस प्लेटफॉर्म का मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक जगह लाना है. पोर्टल पर लोगों की कहानियों को एक डिजिटल नक्शे के जरिए दिखाने की पहल की गई है.

Read more!

राहुल गांधी बोले- हर संघर्ष की अपनी कहानी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पहल की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं. कई बार उन्हें अपनी लड़ाई अकेले लड़नी पड़ती है.

उन्होंने खास तौर पर Gen Z, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं का जिक्र किया. राहुल ने कहा कि हर संघर्ष की अपनी एक कहानी होती है. लेकिन जब कोई आवाज अकेले उठती है तो उसे दबा दिया जाना आसान होता है.

एक नक्शे पर जुड़ेंगी संघर्ष की आवाजें

राहुल गांधी के मुताबिक 'सत्याग्रह' का उद्देश्य अलग-अलग जगहों से उठ रही इन आवाजों को एक डिजिटल नक्शे पर साथ लाना है. इसके जरिए लोग यह देख सकेंगे कि देश के किस हिस्से में किस तरह के मुद्दों को लेकर लोग संघर्ष कर रहे हैं.

उन्होंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह का भी उल्लेख किया. राहुल ने कहा कि बापू ने सिखाया था कि सच सबसे बड़ा हथियार है. उनके मुताबिक सच के लिए एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ी ताकत बन सकता है.

लोगों से अपनी कहानी साझा करने की अपील

राहुल गांधी ने अन्याय या अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों से 'सत्याग्रह' पोर्टल पर अपनी कहानी भेजने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी करने में करीब दो मिनट का समय लगेगा. पोर्टल पर कहानी साझा करने के बाद वह डिजिटल नक्शे पर दिखाई देगी. इसके जरिए लोग अपने जैसे मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे दूसरे लोगों की जानकारी भी देख सकेंगे.

'जहां जरूरत होगी, आपके साथ खड़ा रहूंगा'

राहुल गांधी ने कहा कि पोर्टल पर लोगों की ओर से सामने रखे गए मुद्दों पर वह अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि वह संसद में, सड़क पर, पत्र लिखकर या जहां भी जरूरत होगी, लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे.

उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष के तौर पर लोगों की आवाज के साथ खड़ा होना उनकी जिम्मेदारी है. 'सत्याग्रह' पोर्टल के जरिए राहुल गांधी ने देशभर के अलग-अलग जन मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ने की पहल की है.

Form 6 विवाद में TCS का नाम क्यों आया? राहुल गांधी के सवालों से बढ़ी चर्चा, जानिए पूरा मामला