अमृतसर बस हादसे के मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख, घायलों को 1-1 लाख देगी मान सरकार

सौरव कुमार

• 12:26 PM • 16 Nov 2026

Amritsar Bus Accident: पंजाब के अमृतसर में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत और 11 लोग घायल हुए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.

Amritsar Bus Accident
अमृतसर बस हादसे के पीड़ित परिवारों को मान सरकार आर्थिक सहायता देगी(फाइल फोटो)
Google CTA

पंजाब के अमृतसर में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस के साथ हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके साथ ही उन्होंने घायलों का मुफ्त और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का भी भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री ने रविवार को अमृतसर के अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना.

Read more!

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस हादसे को लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि नौशहरा पन्नुआं के पास हुए इस हादसे में घायल श्रद्धालुओं का हाल जानने के लिए उन्होंने अमृतसर के अस्पताल का दौरा किया. प्रभु की कृपा से ज्यादातर घायल खतरे से बाहर हैं और उम्मीद है कि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे. उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं. पंजाब सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. साथ ही घायलों का मुफ्त इलाज भी कराया जा रहा है.

अमृतसर बस हादसे में 5 लोगों की मौत, 11 घायल

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि इस सड़क हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार श्रद्धालुओं और एक मोटरसाइकिल सवार समेत पांच लोगों की मौत हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और वह पीड़ित परिवारों के दुख में शामिल हैं. सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद सिविल और पुलिस प्रशासन को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मिल सके और घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा सके. भगवंत मान ने दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की.

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया सफर

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत अब तक 17,531 से अधिक यात्राओं के माध्यम से 7,02,203 से अधिक श्रद्धालु लाभ उठा चुके हैं. इस योजना के जरिए श्रद्धालुओं को अमृतसर, श्री आनंदपुर साहिब, हरिद्वार-ऋषिकेश, खाटू श्याम और मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि योजना के तहत हर दिन 70 से अधिक बसें संचालित होती हैं, जिनके माध्यम से रोजाना 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा की सुविधा मिलती है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के तहत हजारों यात्राएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं और इससे पहले कभी ऐसी अप्रिय घटना सामने नहीं आई थी.

अमृतसर हादसे पर राजनीति न करे विपक्ष: भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अमृतसर बस हादसे को लेकर विपक्षी पार्टियों से राजनीति नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इसे राजनीतिक विवाद का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस हादसे को सरकार की किसी कमी से जोड़ना उचित नहीं है. पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रतिबद्ध है.

सड़क सुरक्षा फोर्स ने बचाई हैं कई कीमती जानें: CM मान

मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के कामकाज का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा फोर्स ने पूरे पंजाब में आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करके कई कीमती जानें बचाई हैं. सड़क हादसों को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इस फोर्स की अहम भूमिका रही है. मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि पंजाब सरकार इस हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें मुश्किल समय में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

Punjab News: पंजाब सरकार का बिजली के घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ा तोहफा, 'वन टाइम सेटलमेंट' स्कीम देगी बड़ी राहत