आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के राज्य मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विपक्षी पार्टियों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से दिशाहीन हो चुकी है और पंजाब व उसके लोगों की चिंताओं को दूर करने के बजाय अंदरूनी सत्ता संघर्ष और आपसी लड़ाई में व्यस्त है. पन्नू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को निशाना बनाने के लिए आपस में हाथ मिला लिया है और ‘टीम ए, बी, सी’ बना ली है, क्योंकि उनके पास आप सरकार के ऐतिहासिक कामों का कोई जवाब नहीं है.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस और भाजपा में पूरा तालमेल, भाजपा बनी 'कांग्रेस विंग'
बलतेज पन्नू ने विपक्षी दलों के आपसी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, "हैरानी की बात यह है कि कांग्रेस नेता बता रहे हैं कि भाजपा के अंदर क्या चल रहा है, और भाजपा नेता कांग्रेस के मामलों पर बोल रहे हैं. इससे साफ है कि दोनों पार्टियां पूरे तालमेल से काम कर रही हैं."
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी असल में "कांग्रेस विंग" बन कर रह गई है. आज भाजपा को लीड करने वाले ज्यादातर चेहरे पुराने कांग्रेसी नेता हैं और भाजपा की असली लीडरशिप गायब हो चुकी है. कई अन्य कांग्रेसी नेता भी भाजपा में शामिल होने के लिए लाइन में लगे हैं और उनके साथ जुड़ने के लिए बेताब दिख रहे हैं.
नेताओं की मुलाकातों और हाईकमान के हस्तक्षेप पर उठाए सवाल
सीनियर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा की हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई मीटिंग का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि भले ही रंधावा ने इस मुलाकात के अलग स्पष्टीकरण दिए हों, लेकिन हर कोई इसकी राजनीतिक अहमियत को अच्छे से समझता है.
पन्नू ने कांग्रेस के दोहरे रवैये को बेनकाब करते हुए कहा-
पहले कांग्रेस नेता 'आप' पर यह कहकर हमला करते थे कि पार्टी दिल्ली से चल रही है, लेकिन आज वे खुद हर छोटे-बड़े फैसले के लिए अपने दिल्ली हाईकमान का इंतजार कर रहे हैं. क्या वे अब अपनी उस भद्दी भाषा के लिए माफी मांगेंगे?
पूरी पार्टी अपनी अंदरूनी लीडरशिप की लड़ाई में बिजी है. कभी चरणजीत सिंह चन्नी मीटिंग के लिए दिल्ली में होते हैं, तो कभी भूपेश बघेल पंजाब कांग्रेस नेताओं से मिलने आ रहे हैं.
कांग्रेस को दूसरों पर निशाना साधने से पहले चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे और मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर उनके अपने नेताओं द्वारा पहले लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए.
"जो पिछली सरकारें दशकों में नहीं कर पाईं, वो भगवंत मान ने कर दिखाया"
आप मीडिया इंचार्ज ने कहा कि विपक्षी पार्टियां इसलिए एक साथ आई हैं क्योंकि वे आप सरकार के परफॉर्मेंस का मुकाबला नहीं कर सकतीं. उन्होंने भगवंत मान सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा-
- दशकों में पहली बार पंजाब के गांवों तक नहर का पानी पहुंचा है.
- 600 यूनिट फ्री बिजली मिलने से करीब 90 परसेंट घरों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं.
- किसानों को दिन में बिना किसी रुकावट के बिजली और नहर का पानी मिल रहा है.
आप सरकार ने 34 लाख से ज्यादा महिलाओं को जो आर्थिक मदद देने का वादा किया था, वो मिलनी शुरू हो गई है. बाकी बचे एलिजिबल बेनिफिशियरी (पात्र लाभार्थियों) को 1 अगस्त से उनका बकाया मिलेगा.
सत्ता के भूखे मौकापरस्तों को नकार देगा पंजाब
अपने बयान के आखिर में बलतेज पन्नू ने कहा कि पारंपरिक पार्टियों (कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल) के पास पंजाब के विकास के लिए कोई विज़न, रोडमैप या लोगों के लिए कोई प्लान नहीं है. उनका एकमात्र एजेंडा सिर्फ भगवंत सिंह मान हैं, क्योंकि वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि आप सरकार ने वह सब कर दिखाया जो वे दशकों से नहीं कर पाए.
ये पार्टियां कभी नहीं चाहती थीं कि लोगों को फ्री बिजली, किसानों को पानी, 10 लाख रुपये तक का फ्री इलाज या महिलाओं को फाइनेंशियल मदद मिले. पन्नू ने दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता भाजपा के 'कांग्रेस विंग' में शामिल होने की तैयारी में हैं, लेकिन पंजाब के लोग इस मौकापरस्त राजनीति और सत्ता के भूखे लोगों को पूरी तरह नकार देंगे.
ADVERTISEMENT


