पंजाब विधानसभा चुनावों की उल्टी गिनती शुरू होते ही राज्य का सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है. भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी (OSD) राजवीर घुमन से जुड़े कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है, वहीं राज्य सरकार ने इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
ADVERTISEMENT
चंडीगढ़, मोहाली और संगरूर समेत कई जगह छापेमारी
सीबीआई की टीमों ने चंडीगढ़, मोहाली और संगरूर स्थित कई परिसरों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा 5 अक्टूबर को दिए गए आदेश के आधार पर की गई है. कोर्ट ने सीबीआई को दो महीने के भीतर पूरे नेटवर्क की जांच कर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे.
क्या हैं आरोप और कौन-कौन हैं नामजद?
सीबीआई ने हाईकोर्ट के आदेश और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर घुमन समेत 6 लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है.
प्रमुख आरोपी: राजवीर घुमन, नितिन गोहाल, जतिन गोहाल उर्फ राजा, राजा महाजन और आर. एस. नागरा.
मुख्य आरोप: आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग/तबादले को प्रभावित करना, विभागीय कार्रवाइयों में हस्तक्षेप, नीतिगत फैसलों, प्रशासनिक मंजूरियों और टेंडर की शर्तों में आर्थिक लाभ के बदले प्रभाव डालना. इसके अलावा आधिकारिक नीतियों के ड्राफ्ट जारी होने से पहले निजी व्यक्तियों को सौंपने का भी आरोप है.
विपक्षी कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल, ढोल-नगाड़ों से मनाया जश्न
संगरूर में सीबीआई की कार्रवाई के बाद विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. कार्यकर्ताओं ने सीबीआई की गाड़ियों पर फूल बरसाए और ढोल-नगाड़ों के साथ इस कार्रवाई का स्वागत किया.
बीजेपी चुनाव नहीं जीत सकती
कार्रवाई के तुरंत बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की:
भगवंत मान: "बीजेपी ने पंजाब चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. मेरे कैंप ऑफिस पर सीबीआई की रेड कराई गई. पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए ईडी और सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है."
अरविंद केजरीवाल: "चुनाव से ठीक दो महीने पहले मुख्यमंत्री कार्यालय पर रेड बीजेपी की बौखलाहट का नतीजा है. बीजेपी चुनाव लड़कर पंजाब नहीं जीत सकती, इसलिए ईडी-सीबीआई के सहारे मैदान में उतरना चाहती है। राज्य की जनता 100 से ज्यादा सीटें जिताकर इसका जवाब देगी."
सुप्रीम कोर्ट पहुंची पंजाब सरकार
पंजाब सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के सीबीआई जांच वाले आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जयमालिया बागची और जस्टिस पी. वी. मोहना की बेंच ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति व्यक्त की है और मामले की सुनवाई 14 या 15 अक्टूबर को तय की है.
चुनाव को लेकर सभी दलों ने कसी कमर
117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में बहुमत का आंकड़ा 59 है. चुनाव को लेकर राज्य में सियासी जंग तेज हो चुकी है:
आम आदमी पार्टी (AAP) के भगवंत मान सरकार अपने 5 साल के कामकाज और मुफ्त योजनाओं के दम पर फिर से सत्ता में लौटने का दावा कर रही है. वहीं बीजेपी इस बार पारंपरिक शहरी हिंदू वोट बैंक के अलावा सिखों, दलितों और पिछड़ों के बीच पैठ बनाने की रणनीति पर काम कर रही है. पार्टी का मुख्य एजेंडा क्राइम, करप्शन और ड्रग्स (चिट्टा) है.
कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद प्रगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. पार्टी प्रभारी सचिन पायलट और राहुल गांधी के नेतृत्व में कानून व्यवस्था, कृषि संकट और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में .
ADVERTISEMENT


