'कुंवारी हूं, PCS अधिकारी हूं...' बताकर फतेहगढ़ साहिब में AAP नेता से की शादी, कुछ महीने बाद पता चली असल कहानी!

गुरदीप सिंह

07 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 7 2026 1:40 PM)

Punjab News: फतेहगढ़ साहिब में AAP नेता अमरिंदर सिंह ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि शादी से पहले उनकी पत्नी मनविंदर कौर को अविवाहित और PCS अधिकारी बताया गया, जबकि बाद में पिछली शादी, बेटे और नौकरी को लेकर अलग जानकारी सामने आई. पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

Fatehgarh Sahib News
Fatehgarh Sahib News
Google CTA

शादी के लिए लोग कभी-कभी अपनी बातों को कुछ बढ़ा-चढ़ाकर बोलते हैं और ऐसा दिखाते हैं कि वह सामने वाले से बड़े है. प्रभावशाली तरीके से बोलने के बाद अक्सर लोग इन बातों पर भरोसा भी कर लेते है. लेकिन पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जान आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां एक पति ने शादी के महज कुछ महीनों बाद ही आरोप लगाया है कि शादी से पहले बताया गया था कि लड़की कुंवारी और PCS अधिकारी है, लेकिन असल में कहानी कुछ और ही है. युवक ने आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के लिए महिला की उम्र से भी खिलवाड़ किया गया और लगभग 12 साल कम उम्र दिखाई गई है. फिलहाल मामले में पुलिस की एंट्री हो गई और वह जांच कर रही है. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.

Read more!

10 फरवरी को हुई थी शादी

मामला फतेहगढ़ साहिब थाना क्षेत्र के गांव मंडोफल से सामने आया है. सरहिंद मार्केट कमेटी के चेयरमैन और आप नेता अमरिंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अपने शिकायत में लिखा है कि, गलत जानकारी देकर 10 फरवरी 2026 को उनकी शादी मनविंदर कौर के साथ के साथ करवाई गई थी. अमरिंदर ने आरोप लगाया है कि, शादी के वक्त बताया गया था मनविंदर कौर अविवाहित है और PCS अधिकारी है. इसी वजह से दोनों की शादी भी तय हुई थी. लेकिन शादी के कुछ वक्त के बाद उसे अपनी पत्नी के वास्तविक पहचान और पिछली जिंदगी को लेकर कुछ शक हुआ. इसी शक के आधार पर अमरिंदर ने जांच-पड़ताल शुरू की, जिसके बाद कई बातें सामने आई.

पहले से शादी, बच्चे और PCS अधिकारी का खुला राज

अमरिंदर के शिकायत के मुताबिक, उसके खोजबीन में यह बात पता चली कि उसकी पत्नी मनविंदर पहले से ही शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है. यानी जिस महिला को शादी के वक्त कुंवारी बताया गया था, वह झूठ है. अमरिंदर ने आरोप लगाया है कि जानबूझकर उनसे यह सारी बातें छिपाई गई थी. इसके बाद जब अमरिंदर ने उसके सरकारी नौकरी का पता लगाया तो जानकारी मिली कि, मनविंदर कोई PCS अधिकारी नहीं है. इसके बाद शादी के लिए दिए गए पहचान पर भी सवाल खड़े हो गए. 

उम्र घटाने के लिए दस्तावेजों से की गई थी छेड़छाड़!

अमरिंदर ने अपने शिकायत में महिला की उम्र को लेकर भी बड़ा दावा किया है. फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कुलबीर सिंह संधू ने बताया कि, अमरिंदर ने अपने शिकायत में आरोप लगाया है कि मनविंदर कौर, निवासी सूरज सिंह, जिला तरनतारन, ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने जन्म प्रमाण पत्र में जन्म तिथि के साथ हेरफेर किया है. आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर जन्मतिथि को 1980 से 1992 किया गया. इससे लगभग 12 साल कम उम्र दिखाया गया है. साथ ही शिकायत में यह भी दावा किया गया कि आधार कार्ड और पैन कार्ड में भी बदलाव किए गए है. अब पुलिस के सामने यह सवाल है कि आखिर आरोपी की असली उम्र क्या है और सरकारी दस्तावेज ने दर्ज जन्मतिथि पर किस आधार पर बदलाव हुआ है?

6 लोगों पर मामला दर्ज

फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए और शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इसमें मनविंदर कौर, उसके भाई तरलोचन सिंह, मां अमरजीत कौर, ताऊ के बेटे नरेंद्र सिंह, भाभी बरुपिंदर कौर और थाना भिक्खीविंड के निवासी पूर्व सरपंच सुखमंदर सिंह राणा को आरोपी बनाया गया है. हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है.

सामान और सोना ले जाने का भी आरोप

थाने में दिए शिकायत में अमनिंदर सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि, शादी के बाद घर से जाते समय महिला कुछ सोना और अन्य सामान भी लेकर चली गई है. पुलिस फिलहाल इन सभी आरोपों की जांच कर रही है. जांच के दौरान देखा जाएगा कि आखिर कितना सामान ले जाया गया है और जो आरोप लगाए गए है वह कितना सही है. साथ ही पुलिस ने मामले में अफवाह फैलाने से बचने की अपील करते हुए कहा कि, अगर कोई जाली खबरें बनाता है या फॉरवर्ड करता है तो उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.