LPU-Chitkara Dispute: LPU-चितकारा में अफवाहों पर एक्शन में पंजाब पुलिस, जारी की सख्त चेतावनी, जानें

न्यूज तक डेस्क

• 12:20 PM • 28 Sep 2026

अफवाहों के चलते LPU और चितकारा यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा के बाद क्लासेस 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दी गई हैं और इंटरनेट सेवाएं बंद हैं. पंजाब पुलिस ने माहौल बिगाड़ने वाली झूठी खबरों से बचने की सलाह देते हुए उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

LPU-Chitkara Dispute
LPU-Chitkara Dispute
Google CTA

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी  और चितकारा यूनिवर्सिटी में बीते दिनों हुई हिंसक घटनाओं के बाद अब पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है. सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रही झूठी खबरों और अफवाहों के बीच पुलिस ने आम लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की सख्त अपील की है.

Read more!

पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, "सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें." पुलिस प्रशासन का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व राज्य का माहौल और आपसी भाईचारा बिगाड़ने के इरादे से भ्रामक दावे फैला रहे हैं. पुलिस ने नागरिकों को हिदायत दी है कि बिना जांच-परख के सोशल मीडिया पर किसी भी खबर को शेयर न करें. साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने को कहा गया है.

10 दिनों के लिए क्लासेस सस्पेंड, परीक्षाएं टलीं

रविवार को एक छात्रा के साथ अप्रिय घटना की अफवाह के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में अचानक विवाद गहरा गया था. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कैंपस की संपत्तियों, दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई. स्थिति को काबू में करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव की खबर है, जिसमें कई जवान चोटिल हुए हैं.

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए LPU प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए अगले 10 दिनों के लिए सभी क्लासेस सस्पेंड कर दी हैं और होने वाली परीक्षाओं को भी रद्द कर दिया है. एहतियात के तौर पर यूनिवर्सिटी कैंपस और आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.

कैंपस में सन्नाटा, घर लौटने लगे छात्र

रविवार देर रात पुलिस द्वारा कैंपस में फ्लैग मार्च निकाले जाने के बाद स्थिति में सुधार देखा गया. सोमवार सुबह से ही माहौल शांत लेकिन तनावपूर्ण बना हुआ है. सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. हॉस्टल में रहने वाले ज्यादातर छात्र दूसरे राज्यों से हैं, जो अब डर और अनिश्चितता के माहौल के बीच अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं.

20 करोड़ के नुकसान की आशंका

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पूरी घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने राज्य के DGP गौरव यादव को खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि उपद्रव मचाने और शांति भंग करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इंटेलिजेंस इनपुट के मुताबिक, इस पूरी हिंसा और तोड़फोड़ में करीब 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल कैंपस और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रातभर हंगामा, 2 हजार छात्रों के प्रदर्शन और कैंपस में तोड़फोड़ के पीछे क्या है पूरा मामला?