पटियाला में पिटबुल का जानलेवा हमला! मकान देखने गए दंपत्ति को नोचा, पत्नी ICU में और पति को आए दर्जनों टांके

न्यूज तक डेस्क

• 12:45 PM • 13 Aug 2026

पटियाला में किराए का मकान देखने गए दंपत्ति पर पालतू पिटबुल ने जानलेवा हमला कर दिया. इस खौफनाक हादसे में महिला की मेजर सर्जरी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है, जबकि पति भी गंभीर रूप से घायल है.

patiala
patiala
Google CTA

पंजाब के पटियाला शहर से एक ऐसी खौफनाक खबर आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. घुम्मन नगर में किराए का मकान देखने गए एक सीधे-सादे दंपति पर एक पालतू पिटबुल कुत्ते ने यमदूत बनकर हमला कर दिया. हमला इतना खूंखार था कि महिला की जान पर बन आई और उसे आईसीयू में मेजर सर्जरी करानी पड़ी, वहीं पत्नी को बचाने के चक्कर में पति के पूरे शरीर पर गहरे जख्म हो गए हैं. इस दिल नहला देने वाली वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

'जैसे ही गेट की कुंडी खुली, यमदूत बनकर टूटा पिटबुल'

पीड़ित अंकित सभरवाल ने अस्पताल के बिस्तर से अपनी खौफनाक आपबीती सुनाते हुए बताया कि मंगलवार शाम वे एक प्रॉपर्टी डीलर के कहने पर नया मकान देखने घुम्मन नगर गए थे. जैसे ही उन्होंने घर के मेन गेट की कुंडी खोली तो अंदर मौजूद पिटबुल कुत्ते ने बिना संभलने का मौका दिए एक सेकंड में उन पर हमला बोल दिया.

अंकित के मुताबिक, "हम तो बस घर देखने गए थे, लेकिन गेट खुलते ही अंदर से पिटबुल यमदूत की तरह निकला. उसने सबसे पहले मेरी पत्नी शिफाली को निशाना बनाया और उसे बेदर्दी से नोचना शुरू कर दिया."

मालिक के डंडे और चीख-पुकार का भी नहीं हुआ असर

पूरी वारदात का सीसीटीवी वायरल है, जिसमें नजर आ रहा हैकि पिटबुल ने महिला की दोनों बाजुओं और जांघों पर अपने खूंखार दांत गाड़ दिए. चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर से एक महिला हाथ में डंडा लेकर बाहर भागी और उसने कुत्ते को पीटना शुरू किया, लेकिन हिंसक हो चुका पिटबुल पीछे हटने के बजाय लगातार नोचता रहा. मालिक के चिल्लाने और डंडे मारने का उस पर रत्ती भर असर नहीं हो रहा था.

'लोग डंडे न लाते तो गर्दन फाड़ देता खूंखार कुत्ता'

अंकित अपनी पत्नी को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाकर खुद पिटबुल से भिड़ गए. इस दौरान कुत्ते ने अंकित के पैर, पीठ और पूरे शरीर को बुरी तरह जख्मी कर दिया.

अंकित ने बताया, "अगर आसपास के पड़ोसी लाठियां और डंडे लेकर मौके पर न दौड़ते, तो वह खूंखार कुत्ता हमारी गर्दन फाड़ देता और हमें जिंदा न छोड़ता." आखिरकार स्थानीय लोगों की भारी मशक्कत और डंडों की बौछार के बाद दंपति को कुत्ते की गिरफ्त से छुड़ाया जा सका.

पत्नी की मेजर सर्जरी, पति के शरीर पर दर्जनों टांके

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी मेजर सर्जरी की. शिफाली अभी भी डॉक्टरों की सख्त देखरेख में आईसीयू में भर्ती है. वहीं, अंकित के पूरे शरीर पर जगह-जगह गहरे टांके आए हैं. पीड़ित परिवार ने इस पूरी लापरवाही पर कुत्ता मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की गुहार लगाई है.

पटियाला मेयर का बड़ा फैसला

घटना का वीडियो वायरल होने और इलाके में भारी जन आक्रोश को देखते हुए पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने कड़ा रुख अपनाया है. मेयर ने साफ किया है कि शहर में पिटबुल जैसी खतरनाक और आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाएगा. इसके लिए नगर निगम की आगामी हाउस मीटिंग में एक विशेष प्रस्ताव लाया जा रहा है. दूसरी ओर, पुलिस ने अंकित के बयान दर्ज कर लापरवाही बरतने वाले कुत्ता मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी शिकंजा कस दिया है.

वीडियो देखिए