मुकेरियां में बोले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान- जनता के सहयोग से पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने का सफर रहेगा जारी

न्यूज तक डेस्क

• 01:25 PM • 17 Jul 2026

मुकेरियां जनसभा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सूबे को नंबर वन बनाने का सफर जारी रहेगा. जानिए बिजली, शिक्षा (नीति आयोग रैंकिंग) और स्वास्थ्य योजनाओं पर क्या बोले सीएम.

NewsTak
तस्वीर: सोशल मीडिया से.
Google CTA

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुकेरियां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की प्रगति को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि पंजाब को हर क्षेत्र में देश का नंबर वन राज्य बनाने का सफर यहां की जनता के अटूट सहयोग और विश्वास के दम पर निरंतर जारी रहेगा. आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और समाज कल्याण जैसे तमाम मोर्चों पर ऐतिहासिक और क्रांतिकारी फैसले लिए हैं, जिससे जनता से किया गया हर एक वादा पूरी ईमानदारी के साथ धरातल पर सच साबित हो रहा है.

Read more!

विशाल जनसमूह के सामने अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सियासत कभी भी सत्ता का सुख भोगने या कुर्सी पर बने रहने के लिए नहीं रही है. आम आदमी पार्टी का एकमात्र लक्ष्य पंजाब के एक-एक नागरिक की तरक्की, खुशहाली और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां हमारी सरकार दिन-रात जनता को सशक्त बनाने और उनके कल्याण के लिए काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस सिर्फ सत्ता की मलाई चाटने और आंतरिक कलह की लड़ाई में उलझी हुई है. कांग्रेस नेतृत्व तो सार्वजनिक मंचों से पहले ही यह ऐलान कर चुका है कि यदि वे सत्ता में आए, तो आम जनता को मिल रहीं सभी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी जाएंगी. 

विपक्ष पर अपना तीखा हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कांग्रेस की गुटबाज़ी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर छोटा-बड़ा नेता जनता की परवाह किए बिना खुद को मुख्यमंत्री की दौड़ में देख रहा है. उनकी आपसी सिरफुटव्वल इतनी भयानक है कि वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर एक साथ किसी यात्रा पर चल तो सकते हैं, लेकिन इस अंदरूनी खींचतान के कारण एकजुट होकर कभी वापस नहीं लौट सकते. इसके साथ ही उन्होंने अकाली दल को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि अकालियों ने हमेशा अपने निजी राजनीतिक हितों के लिए धर्म का दुरुपयोग किया और राज्य को माफिया राज व नशे के दलदल में धकेला. उन्होंने संकल्प दोहराया कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वाले दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा और उन्हें हर हाल में कानून के शिकंजे में कसकर जेल भेजा जाएगा.

मुख्यमंत्री ने मंच से अपनी सरकार की बेमिसाल उपलब्धियों का पूरा लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखा. उन्होंने गर्व के साथ बताया कि आज पंजाब के 90 प्रतिशत से भी अधिक घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है. युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करते हुए सरकार ने बिना किसी सिफारिश, रिश्वत या भ्रष्टाचार के पूरी पारदर्शिता के साथ 68,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं. इतना ही नहीं, किसानों की खुशहाली के लिए सिंचाई के बुनियादी ढांचे में सुधार करते हुए नहरी पानी के उपयोग को 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 88 प्रतिशत से अधिक कर दिया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप राज्य का भूजल स्तर भी दो से चार मीटर तक ऊपर आ गया है. 

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बड़े बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्राथमिक और मिडिल स्कूली शिक्षा के मामले में पंजाब ने केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पछाड़कर देश में पहला स्थान हासिल किया है. सरकार ने स्कूलों को अपग्रेड करने के साथ-साथ शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण भी दिलवाया है. वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना' के तहत राज्य के सभी 65 लाख परिवारों को हेल्थ कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिससे हर परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है. इसके साथ ही नारी शक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1 जुलाई से 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' की शुरुआत की जा चुकी है, जिसके तहत 32 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 और 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता पहुंचाई जा रही है. 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दृढ़ता के साथ कहा कि पंजाब के खजाने में जनकल्याण के कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है. अब जनता के टैक्स की पाई-पाई को पूरी ईमानदारी से बचाया जा रहा है और भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी गई है. राज्य के गैर-कानूनी टोल प्लाजा बंद करके रोज़ाना 70 लाख रुपये की सीधी बचत की जा रही है, जिसका उपयोग सूबे के विकास, आधुनिक स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों के निर्माण पर हो रहा है. अंत में, मुख्यमंत्री ने मुकेरियां की जनता से मिले अपार स्नेह और विश्वास के लिए आभार जताते हुए लोगों से अपील की कि वे विपक्ष के मौकापरस्त और लालची नेताओं के भ्रामक प्रचार में न आएं और पंजाब को 'रंगला पंजाब' बनाने की इस ऐतिहासिक विकास यात्रा में सरकार का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें.