राजा वड़िंग की कुर्सी बची, चन्नी को बड़ा पद; पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस का नया फॉर्मूला

न्यूज तक डेस्क

• 04:40 PM • 02 Jul 2026

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आलाकमान ने अंदरूनी कलह शांत करने के लिए बीच का रास्ता निकाला है. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी ने सभी गुटों को संतुलित किया है.

raja warring
raja warring
Google CTA

पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस आलाकमान ने राज्य इकाई में चल रही गुटबाजी को शांत करने के लिए बीच का रास्ता निकाला है. कांग्रेस ने पंजाब में पुराना इतिहास न दोहराने का फैसला किया है. पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) पद पर बरकरार रखा है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति (कैंपेन कमेटी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है. प्रताप सिंह बाजवा भी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे.

Read more!

कांग्रेस आलाकमान ने यह कदम अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव की तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के बाद उठाया है. पार्टी ने किसी एक नेता को पूरी ताकत देने के बजाय सभी गुटों को साधने की कोशिश की है.

चन्नी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी काफी समय से राजा वड़िंग की जगह पंजाब कांग्रेस की कमान मांग रहे थे. हालांकि उन्हें अध्यक्ष पद तो नहीं मिला, लेकिन चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाकर आलाकमान ने उनकी अहमियत कम नहीं होने दी है. राजनीतिक गलियारों में इस पद को मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. चन्नी के अलावा विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति, सुखदेव सिंह रंधावा को कोर कमेटी और डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.

जोखिम से बची कांग्रेस

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अंदरूनी कलह की वजह से भारी नुकसान उठाना पड़ा था और पार्टी को सिर्फ 18 सीटें मिली थीं. हालिया नगर निकाय चुनावों और गिद्दड़बाहा उपचुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा. इसके बावजूद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजा वड़िंग को हटाने का जोखिम नहीं लिया. पार्टी नेतृत्व को डर था कि वड़िंग को हटाने से उनके समर्थक नाराज हो सकते थे, जिससे चुनाव में बड़ा नुकसान हो सकता था.

राजा वड़िंग ने जताया आभार

इस फैसले के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राहत की सांस ली है. उन्होंने सोशल मीडिया पर आलाकमान का आभार जताते हुए कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं की इस टीम के साथ मिलकर काम करेंगे. वड़िंग ने दावा किया कि उनकी टीम पंजाब की जनता को आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार से मुक्ति दिलाएगी.