कांग्रेस ने पंजाब में संगठन को लेकर बड़ा फैसला किया है. पार्टी ने जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. वह अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. राजा वड़िंग ने 2 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया था.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस के इस फैसले के बाद पंजाब में पार्टी संगठन की कमान अब परगट सिंह के हाथ में होगी. इससे पहले अध्यक्ष पद के लिए विजय इंदर सिंगला का नाम भी चर्चा में था. हालांकि पार्टी ने आखिरकार परगट सिंह पर भरोसा जताया.
राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद हुआ फैसला
राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा था. इसके बाद पार्टी ने परगट सिंह को नई जिम्मेदारी देने का ऐलान किया. कांग्रेस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि पंजाब में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग कमेटियों के कार्यकारी अध्यक्ष, चेयरपर्सन और को-चेयरपर्सन पहले की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे.
2012 में अकाली दल से शुरू हुई राजनीति
परगट सिंह की राजनीतिक पारी 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव से शुरू हुई थी. उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर जालंधर कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी.
हालांकि कुछ साल बाद उनका अकाली दल से मतभेद हो गया. 2016 में पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया. इसके बाद वह नवजोत सिंह सिद्धू समेत कुछ अन्य नेताओं के साथ आवाज-ए-पंजाब फ्रंट से जुड़े.
इसके बाद परगट सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया. 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जालंधर कैंट से चुनाव मैदान में उतरे और जीत दर्ज की. 2022 में भी उन्होंने इसी सीट से जीत हासिल की. वह 2012 से जालंधर कैंट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
चन्नी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे
परगट सिंह को सितंबर 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था. उनके पास स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा मामले और एनआरआई मामलों जैसे विभागों की जिम्मेदारी थी. उन्होंने मार्च 2022 तक पंजाब सरकार में मंत्री के तौर पर काम किया. इस दौरान शिक्षा, खेल और पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर वह सक्रिय रहे.
तीन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व
राजनीति से पहले परगट सिंह की पहचान हॉकी खिलाड़ी के रूप में थी. उन्होंने लगातार तीन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. वह 1988 के सियोल ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद 1992 के बार्सिलोना और 1996 के अटलांटा ओलंपिक में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की.
1996 के अटलांटा ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में परगट सिंह भारत के ध्वजवाहक भी रहे थे. हॉकी में वह फुल-बैक और डिफेंडर के तौर पर खेलते थे. खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार और पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है.
राजा वड़िंग के इस्तीफे में सचिन पायलट का नाम, बोले- शायद उन्होंने ही लिया फैसला
ADVERTISEMENT


