पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज है. एक ओर कांग्रेस में घमासान की कहानियां लगातार सामने आ रही है तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी-अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर भी अटकलों का बाजार काफी गर्म है. ऐसी सियासी गहमागहमी के बीच एक सवाल उठने लगा है कि आखिर पंजाब में इस बार किसकी सरकार बनने जा रही है. इसी बीच वोट वाइब(Vote Vibe) ने एक सर्वे किया है, जिसके आंकड़े भी सामने आ गए है. आइए विस्तार से जानते हैं वोट वाइब के सर्वे में जनता ने क्या-कुछ बताया है.
ADVERTISEMENT
'तय कर लिया कि आप किसे देंगे वोट?'
वोट वाइब के इस सर्वे में जनता से कई सवाल पूछे गए हैं, जिसमें एक सवाल है कि 'क्या आपने तय कर लिया है कि आप किसे वोट देंगे?' इस सवाल के जवाब में सबसे ज्यादा 71.2% लोगों ने कहा है कि हां, पूरी तरह तय कर लिया है. वहीं 14.7% लोगों ने जवाब दिया है कि हां, लेकिन अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है. 8.6% लोगों का जवाब है कि अभी तय नहीं किया है, जबकि 5.4% लोगों ने कहा है कि कह नहीं सकते.
'पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए?'
सर्वे में एक और सवाल पूछा गया कि, 'आपकी राय में, पंजाब का अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए?' इस पर लोगों की राय काफी बटी हुई दिखाई दी. हालांकि सबसे ज्यादा 40.1% लोगों ने अपनी पहली पसंद भगवंत मान(आम आदमी पार्टी) को बताया. वहीं कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी के पक्ष में 20.6% जनता ने सहमति दिखाई. इसके अलावा सुखबीर बादल(शिरोमणि अकाली दल) को 11.7%, केवल सिंह ढिल्लों(भारतीय जनता पार्टी) को 6.1%, राजा वारिंग(कांग्रेस) को 5.3%, राघव चड्ढा(भारतीय जनता पार्टी) को 1.8%, सुखजिंदर रंधावा(कांग्रेस) को 0.6% और सुनील जाखड़(भारतीय जनता पार्टी) को 0.5% जनता ने अपनी पहली पसंद बताई.
साथ ही चौंकाने वाले बात यह रही कि सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक अन्य के पक्ष में 7% लोग दिखाई दिए और 6.3% लोगों का कहना है कि कोई राय नहीं या अभी कह नहीं सकते है.
'किस पार्टी या गठबंधन को देंगे वोट?'
सर्वे में जब जनता से पूछा गया कि, 'आप 2027 के चुनाव में किस पार्टी या गठबंधन को वोट देंगे?' तो इसके जवाब में सबसे ज्यादा आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट शेयर देखा गया. आप के पक्ष में 34% वोट शेयर तो वहीं कांग्रेस के पक्ष में 30.2% वोट शेयर दिखाई दिया. इसके अलावा भाजपा को 12.2%, शिरोमणि अकाली दल को 11.3%, अकाली दल(वारिस पंजाब दे) को 6.6% और अन्य क्षेत्रीय दल/निर्दलीय उम्मीदवार को 1% वोट शेयर मिला. जबकि कह नहीं सकते के पक्ष में 4.7% वोट शेयर है.
ADVERTISEMENT


