पंजाब में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ का सहारा, 8,000 से अधिक कैंसर पीड़ितों को मिला ₹20.22 करोड़ का कैशलेस इलाज

न्यूज तक डेस्क

• 05:28 PM • 24 Jul 2026

पंजाब में मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 8,069 कैंसर मरीजों को ₹20.22 करोड़ का कैशलेस इलाज मिला. जानिए योजना के आंकड़े, मरीजों की आयु वर्ग और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का संदेश.

NewsTak
Google CTA

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का नाम सुनते ही किसी भी परिवार के पैरों तले जमीन खिसक जाती है. मन में यह डर सताने लगता है कि क्या बीमारी ठीक हो पाएगी और क्या वे इसके महंगे इलाज का वित्तीय बोझ उठा पाएंगे? मरीजों और उनके परिवारों की इसी सबसे बड़ी चिंता को दूर करने के लिए पंजाब की भगवंत मान सरकार ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के जरिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है.

Read more!

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (SHA), पंजाब द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 18 जुलाई 2026 तक इस योजना के अंतर्गत 8,069 कैंसर मरीजों को पूर्णतः कैशलेस उपचार मुहैया कराया गया है. इस मद में राज्य सरकार अब तक ₹20.22 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है.

36 से 60 वर्ष के कार्यशील वर्ग में कैंसर का सबसे अधिक प्रभाव 

कैंसर को लेकर आमतौर पर धारणा रही है कि यह अधिक उम्र के लोगों को प्रभावित करता है, लेकिन योजना के आंकड़े कुछ और ही बयां करते हैं. आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि इलाज कराने वालों में आधी से अधिक आबादी अपनी कार्यशील आयु (36 से 60 वर्ष) की है.

  • 36 से 60 वर्ष: 4,285 मरीज (सबसे बड़ा वर्ग)
  • 60 वर्ष से अधिक: 3,376 मरीज
  • 17 से 35 वर्ष: 399 मरीज
  • 17 वर्ष से कम: 9 बच्चे

जून महीने में सबसे ज्यादा मरीजों का हुआ इलाज 

पंजाब में कैंसर के इलाज की मांग पूरे साल बनी रही. आंकड़ों के मुताबिक:

  • जनवरी: 842 मरीज
  • फरवरी: 1,080 मरीज
  • मार्च: 1,175 मरीज
  • अप्रैल: 1,350 मरीज
  • मई: 1,275 मरीज
  • जून: 1,468 मरीज (सर्वाधिक)
  • जुलाई (18 तारीख तक): 879 मरीज

समाना की दर्शन देवी को मिली नई जिंदगी 

वित्तीय संकट के दौर में यह योजना परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है. समाना निवासी दर्शन देवी के मामले में डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी थी, जिसका खर्च 4 से 5 लाख रुपये के करीब था. इतने भारी-भरकम खर्च से परिवार काफी चिंतित था, लेकिन 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत त्वरित मंजूरी मिलने के बाद उनकी कैंसर सर्जरी बिना किसी व्यक्तिगत खर्च के सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

पूरे राज्य में ₹950 करोड़ से अधिक का स्वास्थ्य लाभ 

8 जनवरी 2026 को शुरू की गई 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत अब तक कुल 2,68,274 लाभार्थी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं. इस दौरान योजना के तहत 5,31,386 इलाज के मामले दर्ज किए गए हैं. 20 जुलाई 2026 तक इस योजना के माध्यम से मरीजों को 950.35 करोड़ रुपये मूल्य का मुफ्त व गुणवत्तापूर्ण इलाज दिया जा चुका है.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की अपील 

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार का संकल्प है कि पैसों की कमी के कारण किसी भी नागरिक का इलाज न रुके. उन्होंने कहा कि समय पर जांच और शुरुआती इलाज से कैंसर से पूरी तरह ठीक होने की संभावना काफी बढ़ जाती है.

स्वास्थ्य मंत्री ने आम जनता से अपील की कि वे शरीर में किसी भी प्रकार की गांठ, बिना कारण वजन घटने, असामान्य रक्तस्राव, लगातार खांसी या मल-मूत्र की आदतों में बदलाव जैसे शुरुआती लक्षणों को कतई नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं.