गैस किल्लत के बीच मिसाल...जयपुर-अजमेर हाईवे पर पलटा ट्रक, सड़क पर बिखरे 145 सिलेंडर, गांव वालों की ईमानदारी का VIDEO वायरल

LPG cylinder truck accident: जयपुर-अजमेर हाईवे पर किशनगढ़ के पास LPG सिलेंडरों से भरा ट्रक टायर फटने से पलट गया और 145 सिलेंडर सड़क पर बिखर गए. ग्रामीणों ने ईमानदारी दिखाते हुए सिलेंडर समेटे, घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस की मदद की.

rajasthan
rajasthan

न्यूज तक डेस्क

follow google news

LPG cylinder truck accident: राजस्थान के किशनगढ़ के पास जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. LPG गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया, जिससे करीब 145 सिलेंडर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए. लेकिन इस मुश्किल घड़ी में आसपास के गांवों के लोगों ने जो किया, वह सबके लिए मिसाल बन गया.

Read more!

कैसे हुआ हादसा?

मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, ट्रक का टायर फटने से चालक तेज रफ्तार वाहन पर काबू नहीं रख पाया और गाड़ी बीच सड़क पर पलट गई. देखते ही देखते सैकड़ों सिलेंडर हाईवे पर बिखर गए. इससे हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

ग्रामीणों ने दिखाई अद्भुत ईमानदारी

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि किसी ने भी एक भी सिलेंडर उठाकर ले जाने की कोशिश नहीं की. इसके बजाय लोगों ने मिलकर सड़क पर पड़े सभी सिलेंडरों को सावधानी से उठाकर किनारे रखा. घायल ट्रक चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस और जनता ने मिलकर संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही मदनगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया. इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी 145 सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से दूसरे वाहन में लोड कराया गया. क्षतिग्रस्त ट्रक को भी हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका.

बड़ा हादसा टला, सभी ने ली राहत की सांस

सबसे बड़ी राहत यह रही कि इतनी बड़ी तादाद में सिलेंडर होने के बावजूद कोई विस्फोट नहीं हुआ और किसी की जान नहीं गई. प्रशासन और स्थानीय लोगों ने ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी की जमकर तारीफ की. यह घटना उस वक्त हुई जब देश में LPG सिलेंडरों की कमी को लेकर चर्चा चल रही थी, फिर भी किसी ने लालच नहीं दिखाया.

 

    follow google news