Rajasthan Congress: सचिन पायलट के अनशन के बाज मची सियासी उथल-पुथल को शांत करने के लिए अब आलाकमान सक्रिय हो चुका है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा विधायकों की बैठक ले रहे हैं. इस दौरान सभी विधायकों से उनके क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा और आगामी समय में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर निर्देश प्रदान किए जाएंगे. जयपुर में अजमेर संभाग के विधायकों से वन टू वन संवाद किया जाएगा. जिसमें संभाग से 12 विधायक पीसीसी वॉर रूम पहुंच गए हैं. हालांकि सचिन पायलट और डीडवाना विधायक चेतन डूडी मौजूद नहीं हैं.
ADVERTISEMENT
बैठक के दौरान मसूदा विधायक राकेश पारीक, केकड़ी विधायक रघु शर्मा, किशनगढ़ से निर्दलीय विधायक सुरेश टांक, नावां विधायक व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, जायल विधायक मंजू मेघवाल, डेगाना विधायक विजयपाल मिर्धा, सहाड़ा विधायक गायत्री त्रिवेदी, मांडल विधायक और प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री रामलाल जाट, देवली-उनियारा विधायक हरीश मीणा, निवाई विधायक प्रशांत बैरवा, हरीश मीना से फीडबैक लिया जा चुका है.
अगले 3 दिन पार्टी विधायकों के साथ होगा संवाद
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि 17 अप्रैल को अजमेर, टोंक, नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, सिरोही और जालौर जिलों के विधायकों से संवाद प्रस्तावित है. वहीं, 18 अप्रैल मंगलवार को उदयपुर, चित्तौडगढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमन्द, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, करौली और सवाईमाधोपुर के विधायक मौजूद रहेंगे.
वहीं, 20 अप्रेल को बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर, दौसा, सीकर और झुंझुनूं जिलों के विधायकों से चर्चा की जाएगी. इससे पहले 19 अप्रैल को कांग्रेस कमेटी की ओर से जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. जिसमें एआईसीसी और पीसीसी प्रतिनिधि, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पूर्व सांसद, पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष और पूरा मंत्रिमण्डल मौजूद रहेगा.
ADVERTISEMENT


