राजस्थान के अजमेर शहर से महिला सुरक्षा को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहाँ एक युवक ने रात के समय सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा की असली तस्वीर देखने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया. वह खुद लड़की का रूप धारण कर शहर की सड़कों पर निकला. हालांकि, इस कदम को उठाते वक्त उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ घंटों में उसे किन भयानक और असहज करने वाली परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT
सैलून से हुई शुरुआत
युवक ने इस प्रयोग के लिए पूरी तैयारी की. वह सबसे पहले सैलून गया, जहां उसने शेव कराई और चेहरे पर मेकअप करवाया. इसके बाद हाथों में नेलपेंट लगाई और महिलाओं वाला सूट पहनकर तैयार हुआ.
तैयारी पूरी करने के बाद वह स्कूटी पर सवार होकर रात के अंधेरे में शहर की सड़कों पर निकल पड़ा. हालांकि, उसे रात के माहौल का थोड़ा डर जरूर था, इसलिए उसने सावधानी के तौर पर अपनी सुरक्षा के लिए साथ में एक बंदूक भी रख ली थी. इसके बाद वह अजमेर के अलग-अलग इलाकों का जायजा लेने निकला.
बाजार पहुंचते ही शुरू हुई बदसलूकी
युवक जैसे ही वह मुख्य बाजार में पहुंचा, उसे लोगों के अजीब व्यवहार का सामना करना पड़ा. एक रिक्शे वाले ने उसे देखकर हाथ से गंदे इशारे किए. थोड़ा आगे बढ़ने पर सड़क किनारे खड़े युवकों के एक झुंड ने आवाजें कसीं और भद्दे कमेंट्स किए. कुछ लोग अपनी मोटरसाइकिल रोककर उसे घूरने लगे.
पीछा किया और अनर्गल सवाल पूछे
बात सिर्फ घूरने तक ही सीमित नहीं रही. रास्ते में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने उसे परेशान किया. इसके बाद तीन लड़कों का एक ग्रुप काफी दूर तक उसकी स्कूटी के पीछे लग गया. आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने उससे उसका रेट तक पूछ लिया. जिस इंसान को लोग लड़की समझ रहे थे, उसके साथ चंद घंटों में ऐसा व्यवहार देखकर वह खुद सहम गया.
बस स्टैंड से ओवरब्रिज तक एक जैसा हाल
युवक शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमता रहा. वह बस स्टैंड गया, रेलवे स्टेशन के आसपास चक्कर काटे, मुख्य बाजारों की दुकानों पर गया और एक ओवरब्रिज पर भी जाकर खड़ा हुआ. हर जगह उसे लोगों की असहज करने वाली नजरों और घूरने की आदत से जूझना पड़ा.
प्रयोग के बाद उठे कई गंभीर सवाल
इस पूरे अनुभव के बाद युवक ने सीधे तौर पर कहा कि अजमेर में रात के वक्त लड़कियां बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं. इस प्रयोग ने समाज और प्रशासन के सामने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर एक लड़का सिर्फ कुछ घंटे लड़की बनकर निकलता है और उसे इतना डर और बदसलूकी झेलनी पड़ती है, तो रोज काम या पढ़ाई के लिए निकलने वाली आम महिलाएं खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी?
वीडियो देखिए
ADVERTISEMENT


