Ajmer Crime News: ससुराल वाले बोले- बहू ने की खुदकुशी, डॉक्टर ने खोली पोल तो दंग रह गई अजमेर पुलिस

अजमेर के नसीराबाद में विवाहिता सोनिया की मौत का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. ससुराल वालों ने जिसे खुदकुशी बताया था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वह सोनिया की गला घोंटकर की गई हत्या निकली.

Ajmer
Ajmer

चंद्रशेखर शर्मा

follow google news

राजस्थान के अजमेर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नसीराबाद में एक विवाहिता की मौत के मामले ने पूरी तरह यू-टर्न ले लिया है. ससुराल पक्ष जिस घटना को खुदकुशी बता रहा था, वह असल में एक सोची-समझी हत्या निकली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

शादी के डेढ़ साल बाद खौफनाक अंत

जयपुर की रहने वाली सोनिया की शादी 22 नवंबर 2024 को अजमेर के नसीराबाद निवासी जयंत के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी. दोनों की शादी को महज डेढ़ साल ही बीता था. बीते 29 मई को नसीराबाद स्थित घर में सोनिया का शव फंदे से लटका हुआ मिला. घटना के बाद घर में कोहराम मच गया. ससुराल वालों का दावा था कि सोनिया ने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है.

सुसाइड की कहानी पर पुलिस को था शक

सूचना मिलते ही अजमेर पुलिस मौके पर पहुंची. पहली नजर में मामला खुदकुशी का ही लग रहा था, लेकिन पुलिस को घटनास्थल पर कुछ ऐसे सुराग मिले जिससे शक पैदा हुआ. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि सोनिया अचानक ऐसा कदम क्यों उठाएगी? वहीं, मायके वालों ने भी बेटी की मौत की खबर सुनते ही हत्या की आशंका जताई थी. मायके पक्ष का आरोप था कि शादी के कुछ समय बाद से ही सोनिया को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. इसके साथ ही बच्चा न होने पर भी उसे लगातार ताने दिए जाते थे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला मौत का राज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और यहीं से पूरी कहानी पलट गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ किया कि सोनिया की मौत फंदे पर लटकने से नहीं, बल्कि गला घोंटने की वजह से हुई थी. यानी पहले सोनिया की गला दबाकर हत्या की गई और फिर मामले को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया.

पति और सास-ससुर समेत 4 गिरफ्तार

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस का शक यकीन में बदल गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति जयंत, ससुर सुभाष, सास मंजू देवी और ननद लीना को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया. चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हत्याकांड की साजिश कब और कैसे रची गई और क्या इसमें परिवार के अलावा कोई और भी शामिल था.

    follow google news