देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक सीनियर इनकम टैक्स अधिकारी की बेटी के साथ दरिंदगी और हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपी राहुल मीणा का एक और अपराध सामने आया है. इस मामले में हैरानी वाली बात ये है कि दिल्ली में IRS की 22 साल की बेटी की रेप और हत्या वाली घटना से महज 8 घंटे पहले राहुल ने अलवर में विश्वासघात किया जिसके साथ वह दिनभर बैठकर लूडो खेलता था.
ADVERTISEMENT
लूडो वाले दोस्त की पत्नी को भी नहीं छोड़ा
अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला राहुल मीणा और पीड़ित महिला का पति गहरे दोस्त थे. दोनों अक्सर साथ रहते थे और समय बिताने के लिए लूडो खेला करते थे. किसे पता था कि खेल-खेल में दिखने वाला यह 'दोस्त' मन में इतनी बड़ी गंदगी पालकर बैठा है. 21 तारीख की रात राहुल अपने चचेरे भाई के साथ गांव की एक शादी में गया था, जहां उसका वह दोस्त भी मौजूद था.
अंधेरे का फायदा और खौफनाक साजिश
शादी के जश्न के बीच राहुल ने अपने दोस्त से उसकी बाइक मांगी और यह कहकर निकला कि उसे घर पर कुछ जरूरी काम है लेकिन राहुल घर नहीं, बल्कि अपने दोस्त की गैर-मौजूदगी में उसके घर जा पहुंचा. रात के अंधेरे में जब उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो पीड़िता को लगा कि उसका पति वापस आ गया है. उसने बिना कुछ सोचे दरवाजा खोला और वापस बेड पर जाकर लेट गई.
इसी गलतफैमी का फायदा उठाकर राहुल कमरे में दाखिल हुआ. उसने जबरदस्ती महिला को दूसरे कमरे में खींच लिया और वहां उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. जब पीड़िता ने विरोध किया तो राहुल ने इस कदर बल प्रयोग किया कि महिला बेहोश हो गई.
दिल्ली भागने की फिराक और पुलिसिया कार्रवाई
होश में आने के बाद पीड़िता ने रोते हुए अपने पति को फोन कर आपबीती सुनाई. पति जब बदहवास होकर घर पहुंचा तो पत्नी की हालत देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल बाइक से फरार हो गया. रास्ते में दिल्ली जा रही एक गाड़ी को उसने 6 हजार रुपये का लालच देकर पकड़ा और सीधा दिल्ली पहुंच गया. हालांकि वहां भी उसने गाड़ी वाले को पैसे नहीं दिए और धमकाकर फरार हो गया इसके कुछ ही घंटों बाद उसने दिल्ली में उस बड़ी वारदात को अंजाम दिया जिसके लिए वह फिलहाल सलाखों के पीछे है.
पैसे के लिए फंसाया जा रहा
एक तरफ जहां पुलिस और पीड़िता के बयान राहुल को गुनहगार बता रहे हैं. वहीं राहुल के परिजनों का कहना कुछ और ही है. परिजनों का आरोप है कि पीड़िता और उसका पति झूठ बोल रहे हैं. उनका दावा है कि राहुल लूडो में पैसे हार गया था और अब उसी रंजिश में उसे झूठे मामले में फंसाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस की जांच
फिलहाल, राजस्थान पुलिस इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट हो चुका है और कोर्ट में 164 के तहत बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं. पुलिस अब कॉल डिटेल्स और राहुल की पुरानी हिस्ट्री खंगाल रही है ताकि सच और झूठ का फैसला हो सके.
ये भी पढ़ें: IRS Officer Daughter Murder Case: IRS अधिकारी की बेटी के कत्ल का सच, राहुल मीणा ने किस बात का लिया
ADVERTISEMENT


