अलवर में जमीन से निकली 'चांदी'? बोरवेल की खुदाई में निकले चमकीले पत्थर लूटने दौड़े लोग

अलवर के अल्कापुरी में बोरवेल की खुदाई के दौरान 800 फीट नीचे चांदी जैसी दिखने वाली धातु मिली है. चमकीले पत्थर निकलते ही मजदूरों और स्थानीय लोगों में इन्हें लूटने की होड़ मच गई. लोग करीब 15 किलो पत्थर ले गए हैं. फिलहाल खुदाई का काम रोककर धातु की जांच की जा रही है.

alwar
alwar

हिमांशु शर्मा

follow google news

Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले में बोरवेल की खुदाई के दौरान जमीन से चांदी जैसी चमकीली धातु निकलने का मामला सामने आया है. घटना अल्कापुरी इलाके की है, जहां गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे जलदाय विभाग की ओर से बोरवेल कराया जा रहा था. खुदाई के दौरान अचानक चमकदार पत्थर निकलते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

Read more!

मजदूरों और स्थानीय लोगों में मची लूट 

बोरवेल की खुदाई कर रहे मजदूरों ने जब इन चमकीले पत्थरों को देखा, तो वे इन्हें इकट्ठा करने लगे. शोर मचते ही आस-पास के दुकानदार और राहगीर भी वहां पहुंच गए. देखते ही देखते लोग कीचड़ और मलबे से इन पत्थरों को बीनकर अपने साथ ले जाने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग अब तक करीब 10 से 15 किलो धातु के टुकड़े ले जा चुके हैं.

800 फीट नीचे मिला 'खजाना' 

मशीन ऑपरेटर भरत प्रजापत और मजदूर शाहरुख खान ने बताया कि 800 फीट की गहराई तक पहुंचने के बाद अचानक पत्थर का रंग बदल गया. आखिरी के 20 फीट की खुदाई में करीब 5 से 10 प्रतिशत हिस्सा इसी चमकीली धातु का था. हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हुआ है इसलिए अभी यह कहना मुश्किल है कि यह सिल्वर है या कोई और धातु. जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.

काम रोका गया, जांच की तैयारी 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल बोरवेल का काम रोक दिया गया है. स्थानीय युवक महेश चंद सैनी ने भी बताया कि देखने में यह पत्थर चांदी या सोने जैसा लग रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी. फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

    follow google news