राजस्थान के अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. यहां रविवार शाम एक शख्स ने अपनी ही सोती हुई पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात उस वक्त हुई जब महिला मजदूरी कर घर लौटी थी और थकान के कारण सो गई थी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
सोती हुई पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला
मृतका के भाई धनपाल मीणा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी कालूराम मीणा बकरियां चराने का काम करता है. रविवार शाम करीब 6:00 बजे जब वह घर लौटा, तो उसकी पत्नी पूनी देवी सो रही थी. कालूराम ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और सोई हुई पत्नी की गर्दन और हाथों पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. हमले में पूनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में आरोपी कालूराम का बेहद खौफनाक इतिहास सामने आया है. बताया जा रहा है कि वह पहले भी हत्या के मामलों में शामिल रहा है. आरोप है कि उसने पूर्व में अपने ही बेटे और एक अन्य व्यक्ति की भी हत्या की थी. पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आखिर उसने अपनी पत्नी को निशाना क्यों बनाया, जबकि ग्रामीणों के अनुसार पूनी देवी बेहद सरल स्वभाव की महिला थी और घर में किसी विवाद की बात कभी सामने नहीं आई थी.
पुलिस की कार्रवाई
मालाखेड़ा थाना प्रभारी हरदयाल सिंह यादव ने बताया कि आरोपी कालूराम मीणा को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है. मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और एफआईआर दर्ज कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


