दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: आग का गोला बनी कार, वैष्णो देवी से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले

Delhi Mumbai Expressway accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अलवर के पास एक चलती कार में आग लगने से मध्य प्रदेश के एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. यह परिवार वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहा था. शुरुआती जांच में आग का कारण सीएनजी लीक होना बताया जा रहा है.

alwar
alwar

हिमांशु शर्मा

follow google news

Delhi Mumbai Expressway accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं. ये सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर के रहने वाले थे और माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे.

Read more!

गैस रिसाव बना मौत का कारण?

जानकारी के अनुसार, परिवार ने वैष्णो देवी की यात्रा के लिए एक टैक्सी किराए पर ली थी. शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलती थी. अंदेशा जताया जा रहा है कि कार में अचानक गैस रिसाव (Gas Leak) हुआ, जिससे आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि कार के भीतर बैठे लोगों को दरवाजा खोलने या बाहर निकलने का जरा भी समय नहीं मिला.

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

हादसे के दौरान कार के ड्राइवर ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि वह भी आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया है. उसे इलाज के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

डीएनए टेस्ट से होगी पहचान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था. मरने वाले सभी लोग मध्यप्रदेश के श्योपुर के रहने वाले हैं, मृतकों में संतोष, पुरुष, शशि पत्नी संतोष, सास पार्वती पत्नी मनभर, राघणी पुत्री संतोष, साक्षी पुत्री संतोष निवासी चयनपुरा शामिल है.

जबकि विनोद ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है, जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उसका इलाज जारी है.

मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम साक्ष्य जुटा रही है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सके. इस घटना ने सुरक्षा मानकों और सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

    follow google news