राजस्थान की तपती गर्मी में लोग अक्सर धूप से बचने के लिए अजीबोगरीब जुगाड़ अपनाते हैं, लेकिन अलवर में एक युवक को अपना देसी जुगाड़ इतना भारी पड़ गया कि उसे जान के लाले पड़ गए. गर्मी से बचने के लिए युवक ने हेलमेट की जगह लोहे का केन सिर पर पहन लिया, जो उसके गले की फांस बन गया. हालात ऐसी हो गई युवक के सिर से केन निकालने के ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल किया गया. फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला अलवर के माधवगढ़ गांव का है. यहां के रहने वाले कालूराम रेबारी दूध बेचकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. भीषण गर्मी से परेशान कालूराम ने धूप से बचने के लिए एक अनोखा रास्ता निकाला. उन्होंने अपने पास रखे 15 लीटर वाले दूध के खाली केन को ही हेलमेट की तरह अपने सिर पर पहन लिया. कालूराम का यह जुगाड़ कुछ देर तक तो चला, लेकिन जल्द ही यह उनके लिए बड़ी मुसीबत बन गया.
2 घंटे तक केन में फंसे रहे कालूराम
बाइक चलाते समय अचानक एक झटका लगा या शायद रील बनाने की कोशिश में, केन कालूराम के सिर में बुरी तरह फंस गया. स्थिति यह हो गई कि उनका पूरा मुंह केन के अंदर चला गया. कालूराम न तो कुछ बोल पा रहे थे और न ही केन को बाहर निकाल पा रहे थे. करीब 2 घंटे तक वह इसी हालत में छटपटाते रहे. गांव वालों ने जब उन्हें इस हालत में देखा, तो वे भी दंग रह गए.
ग्राइंडर मशीन से काटकर मिली आजादी
जब काफी कोशिशों के बाद भी केन नहीं निकला, तो कालूराम को पास की एक हार्डवेयर की दुकान पर ले जाया गया. वहां एक मैकेनिक ने ग्राइंडर मशीन की मदद से धीरे-धीरे लोहे के केन को काटना शुरू किया. इस दौरान चिंगारियां भी उड़ीं, लेकिन सावधानी बरतते हुए केन को काटकर अलग किया गया. केन से बाहर निकलने के बाद कालूराम ने राहत की सांस ली और कसम खाई कि अब वह दोबारा कभी ऐसा जुगाड़ नहीं करेंगे.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कालूराम की इस मुसीबत वाले स्टार्टअप का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और मजाकिया कमेंट्स भी कर रहे हैं. हालांकि, यह घटना एक बड़ी सीख भी देती है कि गर्मी से बचने के लिए सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना जानलेवा हो सकता है.
ADVERTISEMENT


